17 सितम्बर से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान

रतलाम 16 सितम्बर। भारतीय रेलवे द्वारा स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत के लक्ष्य को साकार करने हेतु 17 सितम्बर 2025 से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की जा रही है, जो 02 अक्टूबर तक चलेगा।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में प्रारंभ होगा। इस अभियान के शुभारंभ के अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, सभी शाखा अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी रतलाम रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता की शपथ लेंगे तथा श्रमदान करेंगे। इसी तरह मंडल के सभी स्टेशनों, कार्यशालाओं, कार्यालयों और चिकित्सा इकाइयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शपथ ग्रहण और श्रमदान का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत मंडल के सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्रों में गंदे स्थलों की पहचान कर ली है, जिनकी सफाई इस अवधि में की जाएगी। साथ ही, प्रतिदिन स्वच्छता गतिविधियों के साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें खेलकूद, साइक्लिंग, पेंटिंग एवं ड्राइंग प्रतियोगिता, डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान आदि शामिल रहेंगे।
इस 16 दिवसीय अभियान का उद्देश्य न केवल रेलवे की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है, बल्कि सामान्य नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ना है। अभियान के दौरान समग्र स्वच्छता के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्य किया जाएगा और रतलाम मंडल के अधिकारी व कर्मचारी स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।