




रतलाम । पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में न केवल रतलाम मंडल के बड़े एवं महत्त्वपूर्ण रेलवे स्टेशन शामिल हैं बल्कि छोटे स्टेशनों, कार्यालयों एवं कार्यशालाओं में भी प्रतिदिन स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता के लिए स्टॉल वेंडरों एवं यात्रियों को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस अभियान में रेलवे के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी रही है। स्वच्छता, जागरूकता, नशामुक्ति जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से यात्रियों एवं आम जनता को जागरूक किया जा रहा है।
27 सितम्बर 2025 को रतलाम रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक 7 पर बड़े स्तर पर महाश्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस महाश्रमदान का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार, मंडल के सभी शाखाधिकारी, कर्मचारी, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं मुख्यालय चर्चगेट से आए मेकेनिकल विभाग के अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से भागीदारी की।
इस महाश्रमदान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना का विकास करना रहा।
इस अवसर पर कर्तव्य फाउंडेशन, रतलाम के वॉलंटियर्स ने भी सराहनीय सहयोग दिया। उन्होंने न केवल श्रमदान में भाग लिया बल्कि यात्रियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसी क्रम में, प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर सांई श्री इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा नशामुक्ति पर एक प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति रतलाम, लायंस क्लब रतलाम एवं समर्पण के संयुक्त प्रयासों से किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार, सांई श्री इंटरनेशनल एकेडमी की प्राचार्य डॉ. श्वेता विंचुरकर एवं विद्यालय परिवार, जय कैला माता समिति की अध्यक्ष श्रीमती आभा शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम से पैरा लीगल वॉलंटियर पं. विजय हेमकांत शर्मा, जन अभियान परिषद रतलाम के श्री रत्नेश विजयवर्गीय सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित थे। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता, नशामुक्ति और जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुँचाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।