

रतलाम। महात्मा गांधी जी की 156वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 2 से 8 अक्टूबर 2025 तक मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के द्वारा गुलाब चक्कर रतलाम में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी, पतंजलि युवा भारत के प्रदेश प्रभारी प्रेम पुनिया, आरोग्य भारती महिला प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ. निर्मला डांगी, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी से बी.के. सीमा दीदी, हार्टफुलनेस संस्था जिला समन्वयक नीलेश शुक्ला, गायत्री परिवार मोटिवेशनल स्पीकर विकास सेवाल, जिला तंबाकू नियंत्रण समिति सदस्य अशोक अग्रवाल, आर्ट ऑफ लिविंग से राजेश सोलंकी तथा नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी व जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में गोविंद काकानी ने स्वास्थ्य और नशामुक्त जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रेम पुनिया ने पतंजलि के योग और प्राणायाम से नशा मुक्ति की दिशा में मिल रहे सकारात्मक परिणाम साझा किए। डॉ. निर्मला डांगी ने नशे से जुड़ी बीमारियों और मानसिक प्रभावों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझाया। बी.के. सीमा दीदी ने कहा कि जब मन और आत्मा शुद्ध व सशक्त होती है, तब नशे जैसी बुराइयाँ स्वतः ही दूर हो जाती हैं। नीलेश शुक्ला ने हार्टफुलनेस ध्यान के माध्यम से आत्म-संयम और आंतरिक शांति के लाभ बताए। विकास सेवाल ने गायत्री परिवार की युवा पीढ़ी में जागरूकता फैलाने की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। अशोक अग्रवाल ने तंबाकू नियंत्रण समिति की पहल और उसकी उपलब्धियों का उल्लेख किया। राजेश सोलंकी ने आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से तनाव मुक्त जीवन जीने के उपाय बताए। वहीं रत्नेश विजयवर्गीय ने नशा मुक्त भारत अभियान की दिशा में जिले में चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ती हुई मद्यपान और नशीली दवाओं के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करना है।
कार्यक्रम में सभी उपस्थितजन ने मद्य निषेध की सामूहिक शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम के दौरान “अहमियत” फिल्म के निर्माता कमलेश पाटीदार के निर्देशन में नशामुक्ति पर केन्द्रित शॉर्ट मूवी का फिल्मांकन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन पतंजलि के जिला प्रभारी विशाल वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य तथा समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।