भीमाखेड़ी हनुमान मन्दिर के पास स्थित बावड़ी इन दिनों नशाखोरों के लिए ऐशगाह बन गई है

आए दिन शाम के समय नशेड़ियों की मेहफिल जमने लगी है

जावरा (अभय सुराणा) ।जावरा के समीपस्थ ग्राम भीमाखेड़ी हनुमान मन्दिर के पास स्थित बावड़ी इन दिनों नशाखोरों के लिए ऐशगाह बन गई है। यहाँ आए दिन शाम के समय नशेड़ियों की मेहफिल जमने लगी है। यहाँ आए दिन शाम के समय नशेड़ियों की मेहफिल जमने लगी है। इलाके में शाम ढलते ही धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगा है। बावड़ी के समीप मंदिर पर सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, लेकिन उन्हें और राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आरोप है कि ये नशेड़ी खुलेआम मादक पदार्थों का सेवन करते हैं। इतना ही नहीं, रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं के साथ छींटाकशी भी की जाती है। विरोध करने पर ये मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।
स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। उक्त समस्या को लेकर पत्र लेखक मंच के पूर्व अध्यक्ष बाले खान मेव ने बताया कि कई बार मना करने के बाद भी ये लोग मानने को तैयार नहीं हैं। इस संबंध में मौखिक रूप से पुलिस को भी अवगत कराया गया, तो कुछ समय के लिए यह सिलसिला थम गया।जो बाद में फिर से शुरू हो गया। ये लोग दिन में जुआ खेलते हैं और शाम को खुले आम मद्यपान करते हैं तथा बोतल और पाउच बावड़ी में डाल देते हैं। पास में ही हनुमान जी का मन्दिर होने से दर्शनार्थियों का आना जाना बना रहता है। इसी के साथ बावड़ी के समीप कुछ परिवार भी निवास करते हैं। इसलिए पुलिस प्रशासन को इस और ध्यान देना चाहिए।