- जहाँ शब्द नहीं, वहाँ मुस्कान बोलती है…
- मानवता की सच्ची भाषा यही है”- राजकुमार हरण

जावरा (अभय सुराणा) । अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के रतलाम जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण एवं जिला महिला प्रभारी श्रीमती महिमा हरण ने मंगलवार को ‘जन चेतना मूक-बधिर विद्यालय’ रतलाम का अवलोकन किया। दोनों पदाधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि समाजसेवियों द्वारा संचालित यह संस्था वास्तव में प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय के शिक्षक शशि सिंह ने विद्यालय के प्रत्येक विभाग का अवलोकन करवाते हुए विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरा विद्यालय दानदाताओं के सहयोग से संचालित होता है, और यहां बच्चों की शिक्षा, संस्कार एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय की सुन्दर व्यवस्था देखकर जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण ने कहा कि हमारा आगामी विशेष दिवस हम इन्हीं नन्हें बच्चों के बीच मनाएंगे, यही सच्ची सेवा और सुख है। वहीं श्रीमती महिमा हरण ने विद्यालय की अनुशासित व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहाँ आकर मन को बहुत सुकून मिला। बहुत जल्द जिले की पूरी टीम के साथ दोबारा यहाँ आने की इच्छा है।