रतलाम। सनसिटी रहवासी कल्याण समिति (पंजीकृत), रतलाम की वार्षिक साधारण सभा आगामी 5 नवंबर, बुधवार को प्रातः 10 बजे कॉलोनी के बड़े उद्यान में आयोजित की जाएगी।
समिति परामर्शदाता एडवोकेट ओ. पी. चौधरी ने बताया कि सभा के दौरान विगत बैठक की कार्यवाही का वाचन व पुष्टि की जाएगी तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें कॉलोनी की सड़कों का निगम के माध्यम से डामरीकरण, छोटे उद्यान का सौंदर्यीकरण, सुरक्षा कैमरों की संख्या में वृद्धि, सफाई व्यवस्था की समीक्षा, गटरों की मरम्मत, अतिक्रमण व पार्किंग की समस्या का समाधान, दो वर्ष का आय-व्यय प्रस्तुतीकरण व अनुमोदन शामिल हैं। इसके साथ ही दो वर्षों से कार्यरत पदाधिकारियों का बहुमान, नगर निगम द्वारा किए गए विकास कार्यों हेतु आभार प्रदर्शन तथा अगली दो वर्षीय समिति के चुनाव को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत संध्या समय कॉलोनी स्थित कुटुम्बेश्वर महादेव मंदिर में 56 भोग लगाकर महाआरती की जाएगी। इसके उपरांत अन्नकूट महाप्रसादी एवं दीप मिलन समारोह का आयोजन होगा, जिसमें कॉलोनी के सदस्य, गैर सदस्य, रहवासी, किरायेदार एवं परिवारजन सहभागी होंगे। उक्त जानकारी कॉलोनी अध्यक्ष आशुतोष त्रिवेदी ने दी।