लायंस क्लब जावरा द्वारा “पीस पोस्टर प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन, बच्चों ने चित्रों से दिया विश्व शांति का संदेश

जावरा। लायंस इंटरनेशनल के वार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत लायंस क्लब जावरा द्वारा “पीस पोस्टर प्रतियोगिता” का आयोजन लायंस नेत्र चिकित्सालय परिसर में बड़े ही उत्साह और सौहार्द के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब जावरा अध्यक्ष यश जैन (एडवोकेट) ने की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग, रीजन चेयरमैन संतोष मैडतवाल, पूर्व ज़ोन चेयरपर्सन श्रीमती शीतल जैन (आलोट) एवं पूर्व रीजन चेयरपर्सन अरुण संघवी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
माँ सरस्वती देवी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संस्था अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए बच्चों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रंगों के माध्यम से विश्व शांति, एकता, प्रेम और मानवता का संदेश अपने चित्रों में खूबसूरती से उकेरा।
क्लब अध्यक्ष लायन यश जैन एडवोकेट ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा —
“लायंस क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता का संचार करना है। ‘पीस पोस्टर प्रतियोगिता’ बच्चों में शांति, सहयोग और मानवता के संस्कारों को विकसित करने का एक सुंदर माध्यम है।
जब बच्चे रंगों के माध्यम से शांति का संदेश देते हैं, तो यह हमें याद दिलाता है कि सच्ची प्रगति केवल भौतिक नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों की प्रगति में है।”
उन्होंने आगे कहा कि— “हमारा क्लब सदैव बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने और समाज में सौहार्द की भावना बढ़ाने के लिए तत्पर है। आज इन नन्हे कलाकारों ने अपने चित्रों से यह सिद्ध किया है कि शांति और प्रेम ही मानवता की सच्ची पहचान है।
लायंस क्लब जावरा बच्चों के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य करता रहेगा।” अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायकों, विद्यालयों के शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि —
“प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी का नाम आगे ‘मल्टीपल लेवल प्रतियोगिता’ हेतु प्रेषित किया जाएगा, ताकि हमारे नगर के बच्चे राज्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला से नाम रोशन करें।”
अतिथियों में सर्वप्रथम अतिथि लायन राजेंद्र गर्ग ने कहा
“बच्चों द्वारा प्रस्तुत यह शांति संदेश समाज में नई सोच और दिशा का प्रतीक है। लायंस क्लब की यह पहल बच्चों के भीतर मानवीय मूल्यों को जागृत करने में सहायक है।”
जन चेयरमैन संतोष मैडतवाल ने कहा –
“पीस पोस्टर प्रतियोगिता बच्चों के व्यक्तित्व विकास का माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में सृजनात्मकता और संवेदनशीलता दोनों का समन्वय होता है।”
पूर्व ज़ोन चेयरपर्सन श्रीमती शीतल जैन (आलोट) ने कहा –
“आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। जब वे अपने रंगों से शांति का चित्र रचते हैं, तो वह केवल कला नहीं बल्कि मानवता का संदेश बन जाता है। लायंस क्लब का यह प्रयास समाज में सौहार्द की भावना को और मजबूत करता है।”
पूर्वाध्यक्ष लायन अरुण संघवी ने भी बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान – जयेश्वरी नीतिरंजन पाल,
द्वितीय स्थान – शिखा झवर, तृतीय स्थान – ऋषिका माली को प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही चार बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
सभी प्रतिभागी बच्चों को लायंस क्लब जावरा एवं लायंस इंटरनेशनल की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पीस पोस्टर चेयरपर्सन विनोद सेठिया, पूर्वाध्यक्ष कमल जैन, गोपाल सेठिया, विजय राठौर, तथा अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगणों का विशेष सहयोग रहा। अंत में कोषाध्यक्ष राकेश पी. कोचट्टा ने आभार व्यक्त किया।