जावरा यातायात चौकी का चार्ज संभाला सूबेदार मोनिका सिंह चौहान ने, प्रेस क्लब जावरा ने दी शुभकामनाएं

जावरा (अभय सुराणा) । जावरा में नई यातायात सूबेदार के रूप में पदस्थ हुईं श्रीमती मोनिका सिंह चौहान ने विगत दिनों जावरा यातायात चौकी का चार्ज ग्रहण किया। उनके आगमन से नगरवासियों में यातायात व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद और विश्वास का माहौल देखा जा रहा है।
सूबेदार मोनिका सिंह चौहान अपने प्रेमपूर्ण व्यवहार, कुशल प्रशासनिक अनुभव और दृढ़ नेतृत्व शैली के लिए जानी जाती हैं। चार्ज ग्रहण के बाद उन्हें बधाई देने के लिए सामाजिकजनों और पत्रकारों का आगमन निरंतर जारी है। इसी क्रम में प्रेस क्लब जावरा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने चौकी पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की और पदभार ग्रहण की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में जावरा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनेगी।
साक्षात्कार में मोनिका सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में उनकी भर्ती सूबेदार पद पर हुई थी। उन्होंने बी.एससी. (बायोटेक्नोलॉजी) से स्नातक करने के पश्चात मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया है। कोरोना काल के दौरान उन्होंने रतलाम में यातायात प्रभारी के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया था।
उन्होंने कहा कि “जावरा की यातायात व्यवस्था मेरे लिए एक चुनौती है। मेरा प्रयास रहेगा कि यातायात सुगमता से चले और लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।”
मोनिका सिंह ने आगे कहा — “हम पहले समझाएंगे, फिर चेतावनी देंगे और उसके बाद ही चालानी कार्रवाई करेंगे। वाहन चालकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी — सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए जगह छोड़ें, निर्धारित स्पीड में चलें और अपनी लेन का पालन करें।”
उन्होंने बताया कि सबसे पहले नगर पालिका से समन्वय कर पार्किंग लाइनें डलवाई जाएंगी, उसके बाद ‘एक सड़क, एक दिन’ योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से यातायात सुधार का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने दुकानदारों से निवेदन किया कि वे अपने सामान को सड़क या फोरलेन पर रखने से बचें और अपने निर्धारित परिसर में ही डिस्प्ले करें ताकि यातायात में बाधा न हो। फोर लाइन पर जो सर्विस रोड है उसे पर जो अनाधिकृत रूप से दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है वह स्वेच्छा से हटा ले और आवागमन को सुगम बनाने में सहयोग करें।
वैसे पर्याप्त पुलिस बल नहीं है हमारे पास लेकिन फिर भी जितना बल है उसी से अच्छा कार्य कैसे किया जाए हमें यह देखना होगा।
इस अवसर पर प्रेस क्लब जावरा के अभय सुराणा, सुजानमल कोचट्टा, संजय चौधरी, राजकुमार हरण, नाहरू भाई, बंसीलाल सेठिया, दीपक सोनी, यूसुफ अली बोहरा, नाहरू खान, उमेश शर्मा, कीर्ति वर्रा आदि पत्रकार उपस्थित रहे।