“भक्ति, 56भोग और भाव से गूंजा हरदेव लाला की पिपली — सेवावीर परिवार ने किया 56 भोग का भव्य आयोजन”

रतलाम। सेवाभाव और श्रद्धा की अमिट मिसाल बने सेवावीर परिवार द्वारा प्रति सप्ताह आयोजित किए जा रहे हनुमान चालीसा पाठ अभियान की पावन श्रृंखला में मंगलवार, दिनांक 4 नवंबर 2025 को प्रातः 8 बजे, हरदेव लाला की पिपली स्थित श्री लालजी का मंदिर में भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ।
आयोजन में सेवावीरों द्वारा घर-घर से लाए गए 56 से अधिक विविध व्यंजनों का भोग भगवान को समर्पित किया गया। जैसे ही “आओ आओ सांवरिया, वेगा आओ 56 भोग लगाओ” भजन की मधुर ध्वनि मंदिर परिसर में गूंजी, श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा। आतिशबाज़ी और ढोल की थाप पर सेवावीरों के कदम स्वतः ही थिरक उठे, वातावरण आनंद और भक्ति में सराबोर हो गया।
विशेष रूप से बड़नगर से पधारी प्रभात फेरी भक्त मंडली ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। यह वही मंडली है जो श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के समय से अनवरत धर्मजागरण का कार्य कर रही है। सेवावीर परिवार ने मंडली का सम्मान अखंड भारत के चित्र और दुपट्टा द्वारा किया।
सेवावीर परिवार, जो समाज सेवा और अध्यात्म दोनों के संगम का प्रतीक बन चुका है, ने इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों से प्रत्येक मंगलवार हनुमान चालीसा पाठ में सम्मिलित होने का आग्रह किया।
भक्ति, एकता और सेवा की भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन एक बार फिर सिद्ध कर गया कि
“जहाँ सेवावीर होते हैं, वहाँ केवल आयोजन नहीं — साधना होती है।”