बिरसा मुंडा जन्म जयंती गौरव दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

रतलाम। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था ‘फकत नारी शिक्षण समिति’ एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति वार्ड 36 के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा जन्म जयंती गौरव दिवस पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने उद्बोधन में कहा कि “बिरसा मुंडा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक क्रांतिकारी योद्धा थे जिन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध उलगुलान आंदोलन चलाकर पूरे आदिवासी समाज में राष्ट्रभक्ति का ज्वार उत्पन्न किया। उनके जीवन का उद्देश्य समाज को अत्याचारों से मुक्त कर आत्मसम्मान और स्वाभिमान का संदेश देना था।”
विजयवर्गीय ने आगे कहा कि बिरसा मुंडा जन्म जयंती को ‘गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को उनकी वीरता, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देना है। आज भी उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि देश पर संकट आए तो समाज का प्रत्येक व्यक्ति सजग रहकर राष्ट्रहित में योगदान दे।
विकासखंड समन्वयक श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, उनके स्वतंत्रता संघर्ष और सामाजिक सुधार संबंधी योगदान पर प्रकाश डाला।
समाजसेवी मंगल सिंह पवार ने कहा कि “देश और समाज पर आने वाली प्रत्येक विपत्ति में हमें एकजुट होकर बिरसा मुंडा जैसे महान व्यक्तित्वों के विचारों को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है।”
कार्यक्रम में नवांकुर समिति अध्यक्ष योगेश जाट, सचिव पूनम डलवानी, श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन अध्यक्ष नरेंद्र श्रेष्ठ, प्रस्फुटन समिति के सचिन श्रेष्ठ, निर्मला राणावत, सुषमा गहलोत, मारवाड़ी महिला समिति की नगर अध्यक्ष आशा उपाध्याय, उमाकांत उपाध्याय, परामर्शदाता राजेश सोलंकी सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं समिति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिरसा मुंडा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना, समाज में आदिवासी गौरव तथा राष्ट्रीय चेतना का जागरण करना तथा युवा वर्ग को उनके संघर्षशील जीवन से प्रेरणा प्रदान करना था।