भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का पहला रतलाम दौरा 4 मार्च को

बूथ अध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद, सोश्यल मीडिया वारियर्स व विद्वतजनों से भी मिलेंगे

रतलाम। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराओं के सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा 4 मार्च को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पहली बार रतलाम आएंगे। वे इस दिन विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। नगरीय निकायों के चुनाव की तैयारी को लेकर बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। सोश्यल मीडिया वारियर्स एवं विद्वतजनों से भी चर्चा करेंगे। श्री शर्मा के पहले दौरे की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है। रविवार रात प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी की उपस्थिति में बैठक हुई, इसमें सांसद गुमानसिंह डामोर, संभाग संगठन मंत्री जितेन्द्र लिटोरिया, विधायक चेतन्य काश्यप, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष एवं दौरा प्रभारी अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल व प्रदीप उपाध्याय मौजूद रहे।
जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा सुबह रतलाम आएंगे। वे समता सागर पैलेस में 10.30 से 11.30 बजे तक प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक दोपहर 12 से 1 बजे, मंडल अध्यक्ष बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 3 से 4 बजे तक रंगोली सभागृह में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होंगे जिसमें निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। श्री शर्मा शाम 4 बजे रंगोली में नगर मंडल पदाधिकारियों एवं प्रमुखजनों से भेंट करेंगे। तत्पश्चात दोपहर 4.30 से 5.45 बजे तक सज्जन प्रभा सभागार में आयोजित विद्वतजनों के सम्मेलन में भाग लेंगे। इसमें आगामी निकाय चुनाव में भाजपा से आमजन की अपेक्षाओं पर संवाद होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से 7 बजे तक सैलाना रोड़ स्थित जोधा बाग में सोश्यल मीडिया वारियर्स मीट होगी। इसमें देश विरोधी ताकतों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से निपटने से निपटने के प्रयासों पर चर्चा होगी। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा के दौरे की तैयारियों को लेकर पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई। अंत में आभार जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल ने माना।