विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की कार्रवाई को अंतिम रूप देने के लिए मतदान केन्द्र वार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है

11 दिसंबर है गणना अवधि का अंतिम दिन

रतलाम 08 दिसंबर। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में विशेष गहन पुनरीक्षण की कार्रवाई को अंतिम रूप देने और सभी पात्र मतदाताओं का स्थान मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के लिए ज़िले के सभी 1297 मतदान केन्द्रों पर BLO द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति में संबंधित मतदान केन्द्र के मतदाताओं को आहूत कर पारदर्शी तरीक़े से बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में उन मतदाताओं की सूची का वाचन किया जा रहा है जो गणना अवधि में अनुपस्थित स्थानांतरित या मृत पाए गए हैं।मतदान केंद्र क्षेत्र के निवासियों को इस बैठक के माध्यम से यह अवसर दिया जा रहा है कि यदि वे चाहें तो अपनी आपत्ति बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं जिससे गुणवत्तापूर्ण मतदाता सूची तैयार की जा सके । यह बैठक सभी मतदान केन्द्रों पर दिनांक 07, 08 अथवा 09 दिसंबर 2025 को आयोजित की जा रही है। कोई भी मतदाता अब भी कोई आपत्ति प्रस्तुत करना चाहते हैं तो अपने क्षेत्र के बीएलओ को अवगत करा सकते हैं।
ज़िले में 11,24,035 मतदाता है जिनमें से लगभग 99 प्रतिशत मतदाताओं के डिजिटाइजेशन अथवा अनुपस्थित मृत या स्थानान्तरित श्रेणी के चिन्हांकन का कार्य पूर्ण हो चुका है। यह अंतिम कवायद इसलिए की जा रही है कि कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट न जाए।