कलेक्टर से मिलकर किसानों ने अपनी बात रखी


रतलाम । सुशासन माह अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आज ग्राम बिरमावल में किसान चौपाल का आयोजन कर किसानों को खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई एवं किसानों की समस्याएं सुनकर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने संबंधित विभाग प्रमुखो को निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। यहां दादाजी धाम स्थित प्रांगण में किसान चौपाल आयोजित की गई। कलेक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच पाकर किसानों ने प्रफुल्लित होकर उन्हें अमरूद, नींबू, खीरा ककड़ी आदि भेंट करते हुए कहा की उच्च गुणवत्ता युक्त उत्पादन किया जा रहा है। गांव के किसान ने भावुक होकर कहा कि अगर बिजली, सड़क और पानी समय पर मिल जाये और जानवरों की समस्या से निजात मिल जाए तो बिरमावल की धरती पर सितारे खिला सकते हैं। किसानों ने कलेक्टर के समक्ष नंदन फलोद्यान और किसान खेत सड़क योजना की मांग रखी। कलेक्टर ने किसानों से कहा कि आप उर्वरक और खाद का कम से कम उपयोग करें तथा जैविक खेती के तरीके अपनाए , ग्रामीण जनों ने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य के कारण नया गांव में पेयजल की समस्या की बात रखी। कलेक्टर ने कहा कि अगले मंगलवार को पुनः आकर क्षेत्र का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या का निराकरण करने के लिए कहा। ग्रामीण जनों ने उचित मूल्य की दुकान के भवन की स्थिति की समस्या, हाई स्कूल में लाइट की समस्या आदि की बात रखी। ग्रामीण जनों ने कहा की मृदा स्वास्थ्य कार्ड से आने वाली रिपोर्ट एक माह की अवधि में मिलना चाहिए ताकि इसके अच्छे परिणाम आ सके। ग्रामीणों ने बताया कि उन्नत किसानों से जुड़कर खेती में गुणवत्ता लाई जा रही है तथा कृषि मंत्री से मिलने पर उनके द्वारा भी समस्या का समाधान किया गया। किसानों ने बताया कि हॉर्टिकल्चर का अच्छा सपोर्ट मिल रहा है जबकि कृषि विज्ञान केंद्र से सहयोग नहीं मिल पाता है। कलेक्टर ने कहा कि सभी किसानों को खेती के आधुनिक तरीकों के बारे में आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जैविक खेती के बारे में उपाय बताने के लिए जनवरी माह में जिला स्तर पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाए। किसान चौपाल मे सी ई ओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम श्री विवेक सोनकर, सी ई ओ जनपद पंचायत रतलाम श्री वास्केल, उपसंचालक कृषि एवं किसान कल्याण श्रीमती नीलम सिंह, उप संचालक उद्यानिकी श्री मंगल सिंह डोडवे, पी डी आत्मा श्री नर्गेश सहित किसान उपस्थित थे।