जावरा के कांग्रेसजनों ने शीर्ष नेतृत्व से करी हस्तक्षेप की मांग

जावरा (अभय सुराणा) । रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री हर्ष विजय गहलोत द्वारा निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद जिले की कांग्रेस राजनीति में अस्थिरता का माहौल बन गया है। उनके इस निर्णय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं में निराशा देखी जा रही है। जिले भर के कांग्रेसजन नहीं चाहते कि श्री गहलोत इस प्रकार का निर्णय लें। इसी को लेकर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी एवं प्रदेश प्रभारी श्री हरीश चौधरी से आग्रह किया है कि श्री गहलोत का इस्तीफा स्वीकार न किया जाए तथा उनसे चर्चा कर उन्हें पुनः इस पद पर बने रहने के लिए राजी किया जाए।
कांग्रेसजनों का कहना है कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में पूरे रतलाम जिले में कांग्रेस को मजबूत बनाए रखने, संगठन को एकजुट रखने एवं निरंतर सक्रिय बनाए रखने के लिए हर्ष विजय गहलोत ही एकमात्र सक्षम विकल्प हैं। उनके जिला अध्यक्ष बनने के बाद जिले में कांग्रेस की गतिविधियां ऐतिहासिक रूप से बढ़ी हैं। विशाल रैलियां, विरोध प्रदर्शन एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों ने कांग्रेस को नई ऊर्जा दी है। ऐसे समय में उनका पद छोड़ना संगठन के हित में नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्री गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस ने आमजन के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया और जिले में पार्टी की सक्रियता को नई पहचान दिलाई। इसलिए उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक सिद्ध होगा।
इस्तीफा वापस लेने की अपील करने वालों में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव मो. यूसुफ कड़पा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हमीर सिंह राठौर, हिम्मतसिंह श्रीमाल, नगरपालिका अध्यक्ष अनम यूसुफ कड़पा, जनपद अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जावरा शहर अध्यक्ष एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष सुशील कोच्चटा, ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप राव मंडलोई, मनोहर लाल शर्मा, प्रेमसुख पाटीदार, नितीराज सिंह, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष हीरालाल मेहता, मसूद परदेसी, जिला योजना समिति सदस्य मुस्तकीम मंसूरी, चेयरमैन इरफान कुरैशी, आसीफ कबाड़ी, श्रीमती यास्मीन इमरान कबाड़ी, लोकेश विजवा, श्रीमती कविता अनिस कल्याणे, सुलेमान सेठ, श्रीमती अकलीमा नाज, जन्नतबी निजामुद्दीन, विनोद ओरा, पार्षद प्रतिनिधि अमीर खान केप्टन, शौकत कुरैशी, इमरान कबाड़ी, खालिद खान सर, बड्डीशाह, बब्बन रज़ा एवं भूरू भाई सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल हैं। कांग्रेसजनों ने एक स्वर में शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि संगठन और जिले के हित को देखते हुए श्री हर्ष विजय गहलोत को पुनः जिला अध्यक्ष पद पर बनाए रखा जाए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस सचिव मोहम्मद यूसुफ कडपा एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील कोचटा के नेतृत्व में कई कांग्रेस जन जिला अध्यक्ष को मनाने सेलाना उनके निवास पर पहुंचे थे। जिले के और प्रदेश के कई पदाधिकारी एवं लगभग 100 से अधिक उनके शुभ चिंतक के अलावा भी सुबह से ही उनके निवास पर मिलने वालों का ताता लगा हुआ है।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी दिल्ली पर भी जा सकती है शिकायत
नगर के कुछ वरिष्ठ कांग्रेस जनों ने यह भी बताया कि अगर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अगर सही निर्णय नहीं लेती है तो एक प्रतिनिधिमंडल ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी दिल्ली में जाकर सारी वस्तु स्थिति से अवगत कराएगा। कुछ ऐसे लोगों की भी नियुक्ति हो गई है जिनको हम पहचानते ही नहीं है। तथा कांग्रेस के किसी भी आंदोलन में उनकी सक्रिय सहभागिता नहीं रही है।
वही पी सी सी के निर्देश पर सरदारपुर के विधायक प्रताप ग्रेवाल भी इस्तीफा की इस राजनीति के बीच उनको मनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसलिए भोपाल से सेलाना के लिए निकल चुके हैं। ऐसा लगता है कि इसके साथ ही जिन लोगों ने भी इस्तीफे दिए हैं उनके भी स्वीकार नहीं किये जायेगे। जिला अध्यक्ष अपना इस्तीफा अब अपनी शर्तों पर वापस लेंगे। इंतजार है अब बंद कमरे की कहानी का।