कैलेंडर नववर्ष 2026 के प्रथम दिवस पर “सेवा आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित

जावरा (अभय सुराणा) । कैलेंडर नववर्ष 2026 के शुभारंभ अवसर पर “सेवा आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत सतत मानव सेवा की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब जावरा द्वारा गुरुवार, 1 जनवरी 2026 को कृषि उपज मंडी प्रांगण, पिपलोदा में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ डॉ. पवन पाटीदार (BMO पिपलोदा), समाजसेवी योगेंद्र सिंह राठौर एवं गजराज सिंह (मंडी सचिव, पिपलोदा) की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने अपने उद्बोधन में कहा कि “सेवा आपके द्वार अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुँचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति समय, दूरी अथवा आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे। लायंस क्लब जावरा सदैव ‘मानव सेवा ही सर्वोच्च धर्म’ के सिद्धांत पर कार्य करता आया है।”
अतिथियों ने संयुक्त रूप से अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है। लायंस क्लब जावरा एवं संजीवनी फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा यह सेवा कार्य वास्तव में सराहनीय एवं प्रेरणादायी है।
शिविर में दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक बड़ी संख्या में नागरिकों ने निःशुल्क नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। पिपलोदा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने भी शिविर में सहभागिता की।
शिविर में संस्था के पूर्वाध्यक्ष लायन सुजानमल कोचट्टा, लायन गोपाल सेठिया, लायन सजी वर्गिस, लायंस सदस्य लायन विपिन चौरड़िया (LIC), लायन अजय चौरसिया, शिविर संयोजक लायन संजयपुरी गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर कोषाध्यक्ष लायन राकेश पी. कोचट्टा ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, लायंस क्लब के सदस्यों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।