पेंशनर समाज ने पेंशनर दिवस की स्मृति में 75 वर्षीय पेशनरों को सम्मानित किया

रतलाम। पेंशनर समाज रतलाम का 4 जनवरी को पेंशनर दिवस का समारोह रतलाम जिले के अग्रणी (लीड) बैंक के सेवा निवृत्त प्रबंधक हिम्मत गेलड़ा के मुख्य आतिथ्य एवं वरिष्ठ पेंशनर सुश्री हाशी शिवानी के विशेष आतिथ्य में गुजराती समाज उमा विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में 75 वर्ष से अधिक आयु वाले संगठन के सदस्यों का सम्मान किया गया।
समारोह के प्रारंभ में पेंशनर समाज रतलाम के अध्यक्ष सुरेन्द्र छाजेड़ ने बताया कि पूरे देश में 17 दिसम्बर को पेंशनर डे मनाया जाता है। इस दिन पेंशनरों के हक में संघर्ष कर विजयी होने वाले रक्षा विभाग की लेखा सेवा के डी.एस. नाकरा और उनकी याचिका पर निर्णय देने वाले सुप्रीम कोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश श्री वाय. वी. चन्द्रचूड़ को ससम्मान एवं आभार सहित स्मरण किया जाता है। श्री डी.एस. नाकरा ने पेंशनरों के ससम्मान पेंशन के लिए उच्चत्तम न्यायालय में 1980 में अकेले योद्धा के रूप में याचिका लगाई थी जिस पर न्यायाधीश चन्द्रचूड़ ने 17 दिसम्बर 1982 को निर्णय देते हुए घोषणा की कि पेंशन सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी का अधिकार है उसको प्रदान किये जाने वाला उपहार या पारितोषिक नहीं है। प्रधान न्यायाधीश ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आधारभूत वैधानिक अधिकार के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय दिया और तब से सरकारी कर्मचारियों को पेंशन संवैधानिक अधिकार बन गया। इसलिए पेंशनरों के लिए 17 दिसम्बर का दिन सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण दिन हो गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अग्रणी बैंक के मैनेजर रहे हिम्मत गेलड़ा ने सम्बोधित करते हुए आयोजन की सराहना की और पेंशनर साथियों से संगठन के प्रति समर्पित रहने और अपने वैधानिक हक प्राप्ति के लिए जब भी कोई आन्दोलन हो तो संगठन का साथ देते हुए पेंशनरों की शक्ति को सशक्त बनाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को अपने वाजिब हक प्राप्ति के लिए सदैव संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने पेंशनरों से उनके बैंक संबंधी किसी भी परेशानी पर उनसे निसंकोच सहयोग लेने की सलाह दी। उन्होंने पेंशनरों को दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी साथ ही अपने अनुभवों से समाज को लाभान्वित करने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि श्री गेलड़ा एवं विशिष्ट अतिथि सुश्री हाशी शिवानी ने 75 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनरों को शॉल ओढ़ाकर एवं मणिमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुश्री शिवानी द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों को दीवाल घड़ी भेंट कीगई।
इसी कार्यक्रम में संगठन के सदस्य मोतीलाल सेठिया, मदनलाल पंवार, एस.के. झांझरी और अशोक जैन का माह जनवरी में जन्मदिन होने से उनका मणिमाला पहनाकर स्वागत, सम्मान और बधाई देकर दीर्घ जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर पेंशनर समाज रतलाम के पदाधिकारियों ने श्री गेलड़ा एवं 91 वर्षीय सुश्री शिवानी का शॉल ओढ़ाकर एवं मणिमाला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया। अंत में आभार प्रदर्शन पेंशनर समाज के उपाध्यक्ष बहादुरसिंह ने माना।