साप्ताहिक जन जागरूकता कार्यक्रम सर्किल जेल रतलाम में आयोजित

रतलाम 10 जनवरी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की कार्ययोजना अनुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष सुश्री नीना आशापुरे के मार्गदर्शन में श्री नीरज पवैया, सचिव एवं न्यायाधीश, जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी द्वारा सर्किल जेल रतलाम में जेल प्रशासन एवं एल्कोहल अनानिम्स समूह के समन्वय से नालसा नई दिल्ली के तत्वाधान में राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी के अवसर पर डॉन योजना, 2015 और नालसा (नशीली दवाओं के दुरुपयोग के पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं और नशीली दवाओं के खतरे का उन्मूलन) योजना, 2015 के अंतर्गत 5 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक साप्ताहिक जन जागरूकता कार्यक्रम के क्रम में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
उक्त शिविर में उपस्थित बंदियों को नशा न करने की अपील की गई क्योंकि नशा करने से व्यक्ति का जीवन व्यर्थ चला जाता है और सभी उपस्थितजन को बताया कि आप यहां पर किसी न किसी अपराध में अंदर आ तो गए हो लेकिन यहां से जाने के बाद ऐसा संकल्प लेना कि जीवन में कभी भी कोई ऐसी गलती न हो कि यहां दुबारा वापिस आना पड़ें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष एवं अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। सभी बंदियों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में उनको बताया गया तथा सभी बंदियों से उनके अधिवक्ताओं एवं प्रकरणों की स्थिति अपील, जमानत एवं मुलाकात के बारे में भी पूछा गया। उनकी समस्याओं को सुना एवं समाधान भी बताए गए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री लक्ष्मण सिंह भदौरिया, उप जेल अधीक्षक श्री बृजेश मकवाने, सर्किल जेल रतलाम, अल्कोहल एनॉनिमस समूह के सदस्यगण श्री नवीन, श्री मनीष, श्री राणा एवं डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री डी. एस. पाटीदार, जेल तथा विधिक सहायता का स्टॉफ उपस्थित थे।

Play sound