रतलाम। केंद्र की महत्वकांक्षी जनहितेषी योजनाओं से क्षेत्रवासियों को लाभांवित करना, क्षेत्र का चौमुखी विकास करना ही मेरा लक्ष्य है। लोगों को रोजगार मिले, तेजी से औद्योगिक विकास हो तथा शहर को हवाई सेवाओं से जोडऩे के लिए हवाई अड्डे का निर्माण करवाया जाएगा।
यह बात सांसद गुमानसिंह डामोर ने दीनदयाल विचार मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि शहर को महानगर का स्वरुप दिलाने के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की गई है, जिसका लाभ आने वाले समय में नागरिकों को मिलेगा। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी अनेक योजनाएं केेंद्र व राज्य सरकार ने प्रारंभ की है, जिसका लाभ यहां के खिलाडिय़ों को मिले इसके लिए भी मैं प्रयत्नशील हूं।
उन्होंने दीनदयाल विचार मंच द्वारा विगत कई वर्षों से आयोजित रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की और कहा कि ऐसी संस्थाओं को समाज के विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें हर संभव सहायता करना चाहिए ताकि हमारे शहर का देश-प्रदेश में नाम हो सके।
विगत दस वर्षों में कई रचनात्मक व सेवा कार्य किए-श्री चौटाला
मंच के अध्यक्ष अशोक चौटाला ने सांसद श्री डामोर का स्वागत करते हुए उम्मीद की है कि इनके कार्यकाल में क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेगी और विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। संस्था की गतिविधियों से अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों में चिकित्सा शिविर, प्रतिभाओं का सम्मान, रक्तदान शिविर आयोजित किए और कोरोना काल में नागरिकों को सामाजिक दूरी और मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया तथा विभिन्न बस्तियों में पांच हजार से अधिक मास्क वितरित किए।
बाजना बस स्टेण्ड स्थित गवली समाज धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में राधाकृष्ण व्यायामशाला के पहलवान चेतन मोरिया को प्रदेश की ओपन जूनियर कुश्ती स्पर्धा में दो रजत पदक प्राप्त करने पर तथा बलराम मोरिया को 50 किलो वर्ग में मालवा-मेवाड़ केसरी2021 का सम्मान प्राप्त करने पर अभिनंदन पत्र व ट्राफी प्रदान की गई। साथ ही कु.राधिक मोरिया, ओमप्रकाश दुबेला, कान्हा राठौड़ को कुश्ती व कु. दर्शना राठौड़, कु.खुशी कसारा, कु. ननु राठौड़, कु. गुनगुन सोलंकी का तलवारबाजी में उल्लेखनीय प्रदर्शन किए जाने पर नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
प्रारंभ में निगम के पूर्व अध्यक्ष दिनेश पोरवाल, पूर्व पार्षद मुन्ना जोशी, सीमा टांक ,गोपाल सोलंकी, सतीश भारतीय, पवन शर्मा, गोपाल परमार, प्रभु नेका, मधु शिरोड़कर, हरीश शर्मा, कैैलाश राठौड़, महेश सोलंकी, ईश्वर पांचाल, रंजीतसिंह राठौड़, गोपाल सोनी, अंकित शर्मा, असीम यादव, बलराम जावलिया, रमेश चौहान, अशोक शर्मा गब्बू, नीरज परमार, मनीष शर्मा, राजेश पाण्डेय, रमेश चौहान, धर्मेन्द्र अग्रवाल, तपन शर्मा, गौरव जैन सहित मंच के पदाधिकारियों ने सांसद श्री डामोर का स्वागत किया। मंच पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष शांतिलाल पाटीदार व झाबुआ जिले के मंडल अध्यक्ष कृष्णपालसिंह उपस्थित थे।
श्री राधाकृष्ण व्यायामशाला की ओर से खलिफा मुन्ना उस्ताद, अध्यक्ष चंदर पहलवान, मुकेश पहलवान, रामकिशन मोरिया, अशोक रोतेला, अनार दुबेला, अशोक नायक ने सांसद श्री डामोर का साफा,शाल व श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया। संचालन खेल प्रकोष्ठ केे जिला संयोजक यतीन्द्र भारद्वाज व आभार मंच के सचिव जयेश राठौर ने माना।