51 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ की तैयारियों को लेकर दीनदयाल नगर में हुई महत्वपूर्ण बैठक

रतलाम 15 जनवरी । आज गुरुवार को दीनदयाल नगर में आगामी 19 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले 51 कुंडीय शिवशक्ति महायज्ञ के अंतिम चरण की तैयारियों के तहत रविवार को यज्ञशाला पंडाल में नगर के समस्त समाज जनों एवं विभिन्न धार्मिक–सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की एक दीर्घ एवं महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में महायज्ञ को सुव्यवस्थित, भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान 19 जनवरी को प्रातः 9 बजे श्री गोपाल मंदिर, माणक चौक से निकलने वाली भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा को सफल बनाने हेतु सभी समाजों एवं संस्थाओं द्वारा पूर्ण सहयोग देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। साथ ही यज्ञ कुंड में आहुतियां प्रदान करने हेतु अधिक से अधिक परिवारों को सहभागी बनाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों एवं पदाधिकारियों ने पाँच-पाँच मंजिला ऊँचे यज्ञ मंडप एवं यज्ञशाला का दर्शन कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि मंडप एवं यज्ञशाला का निर्माण कार्य 1 जनवरी से प्रारंभ होकर अब अपने अंतिम चरण में है, जिसमें नगर के समाजजनों का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है।
इसी दिन यज्ञशाला स्थल से दीनदयाल नगर क्षेत्र में जन-जागृति के उद्देश्य से संध्या फेरी का शुभारंभ भी किया गया, जो प्रतिदिन महायज्ञ के प्रारंभ तक निरंतर जारी रहेगी। संध्या फेरी में संत समाज, सनातनी बंधु एवं मातृशक्ति की बड़ी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 हिंदूरत्न आनंद गिरि जी महाराज, परम पूज्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 देवस्वरूपानंद जी महाराज, अखंड ज्ञान आश्रम के महंत श्री नरेंद्र गिरि जी महाराज, महर्षि संजय शिवशंकर दवे, काजल गुरु जागीरदार, राजराजेश्वरी देवी, सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री अनिल झालानी, पं. जितेंद्र नागर, नवनीत सोनी, राजेंद्र राठौड़, अनिता कटारिया, जीवन ज्योति सहित क्षेत्रीय पार्षद संगीता सोनी, कविता चौहान, मनोहर राजू सोनी, पूर्व पार्षद राजेंद्र राठौड़ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कृष्णा सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जनक नागल द्वारा किया गया। बैठक के दौरान यज्ञ में गोमाता संरक्षण से संबंधित पेम्पलेट का विमोचन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *