जेंडर कैंपेन नई चेतना के तहत महिला सशक्तिकरण को बढ़ाने हेतु उत्सव आयोजित

रतलाम । मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के निर्देशन में जेंडर कैंपेन नई चेतना के तहत विकासखंड/पंचायत स्तर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ाने के उद्देश्य से 13 जनवरी से 15 जनवरी तक स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं के जीवन में आए बदलाव के प्रकटीकरण हेतु उत्सव का आयोजन रतलाम जिले में किया गया।
आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक श्री जय प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि संपूर्ण प्रदेश में जेंडर कैंपेन नई चेतना अंतर्गत आयोजन के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य आजीविका, जेंडर मुद्दों के संबंध में जागरूकता बढ़ाने हेतु जिले में 13 जनवरी को समस्त विकासखंड स्तर पर, संघर्ष के बावजूद आत्मनिर्भर बनी प्रेरक महिलाओं की पहचान बनाने एवं जो महिलाएं स्वयं सहायता समूह से नहीं जुड़ी है उन्हें योजना से जोड़ने और सेवाओं का लाभ दिलाने एवं जेंडर आधारित हिंसा से प्रभावित एकल महिलाओं को आजीविका में प्राथमिकता देने के उद्देश्य से लखपति दीदी संवाद का आयोजन किया गया। जिसमें लखपति दीदियों ने अपने जीवन में आए बदलाव को सबके साथ साझा किया एवं लखपति शपथ का आयोजन किया गया एवं 14 जनवरी मकर संक्रांति उत्सव को समस्त विकासखंडों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने एवं महिलाओं को सामाजिक और पारिवारिक भूमिकाओं से बाहर निकल कर उत्सव की खुशी मनाने हेतु समूह की दीदियों ने एकत्रित होकर पतंग उड़ाई साथ ही चेयर रेस एवं गिल्ली डंडा खेल कर मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया।
जिले में आजीविका मिशन एवं स्वास्थ विभाग के सहयोग से ग्रामीण महिलाओं तक स्वास्थ, पोषण की जानकारी बढ़ाने एवं स्वास्थ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 11 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं का स्वास्थ्य का चेकअप किया गया एवं उत्तम स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जागरूकता प्रदान की गई।