बदनावर । परम पूज्य गच्छाधिपति आचार्यदेव श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी महाराज साहब के शिष्य तपस्वीरत्न मुनिराज श्री पीयूषचंद्र विजयजी महाराज साहब की निश्रा में आयोजित 19 से 21 मार्च तक मालवरत्न पू.मुनिराज श्री रजतचंद्र विजयजी महाराज साहब की दीक्षा दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर संयम रजत महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन की तैयारियां यहां श्री शंखेश्वर पुरम तीर्थ बदनावर चौपाटी हाइवे पर जोर शोर से चल रही है। कई विशिष्ट आयोजन से युक्त होने वाले इस समारोह को सफल बनाने के लिए कई बैठक हो चुकी है एवं आवास, भोजन व्यवस्था, सत्कार समिति सहित कई समितियों का गठन किया गया है एवं कार्यक्रम की रूपरेखा अपने अंतिम चरण में है।
3 दिवसीय इस आयोजन में आसपास के विभिन्न नगरों सहित गुजरात, राजस्थान एवं दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में गुरु भक्तों के पहुंचने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। आवास हेतु नगर के दो बड़े मैरिज गार्डन को भी बुक किया गया है।समारोह की विशालता को देखते हुए तीर्थ के पास वाले खेत समतल कर वहाँ 2 विशाल पांडाल बनाए जा रहे हैं। 1 पांडाल को संयम वाटिका नगरी नाम दिया गया है, जिसमें विभिन्न आयोजन होंगे एवं दूसरे पांडाल को श्री गौतम स्वामी भोजन खंड का नाम दिया गया है। जिसमें प्रतिदिन सुबह से शाम तक भोजनशाला चालू रहेगी। इसका लाभ रंजीत कुमार घेवरचंद कश्यप विशाखापट्टनम वालों ने लिया है। मुनिश्री पीयूषचंद्र विजयजी महाराज साहब ने बताया कि इस आयोजन में लगभग संपूर्ण दीक्षा विधि सम्महित होगी। साथ ही धर्मसभा, महापूजन, श्रावक एवं श्राविकाओं की सामूहिक सामायिक, आंगी, भक्ति, संयम उपकरण वंदनावली, मेहंदी वितरण , गुरुपद महापूजन, महाअभिषेक, विशाल शोभायात्रा, सुबह नवकारसी, दोपहर एवं शाम को स्वधर्मिवात्सल्य विभिन्न गुरुभक्तों द्वारा किए जाएंगे।आयोजन में शामिल होने के लिए घर घर निमंत्रण पत्र दिए जा रहे हैं। महोत्सव में सहभागीता के लिए साध्वी श्री मनीषरसा श्री जी महाराज साहब आदि ठाणा यहां पहुंच चुके हैं।मुनिश्री जीतचन्द्र विजयजी मुनिश्री जिनभद्रविजयजी साथ ही साध्वी श्री रश्मिरेखा श्रीजी, साध्वी श्रीकीर्तिरत्ना श्री जी आदि ठाणा पहुंचने वाले हैं। साथ ही नगर में विराजित आचार्य श्री नवरत्न सागर सुरिश्वर जी महाराज साहब की शिष्या साध्वी श्री राम्यधर्मा श्री जी महाराज साहब आदि ठाणा 5 भी आयोजन में पधारेगे।