
इन्दौर। श्रीनाथ विहार कॉलोनी इन्दौर में श्री पिपलेश्वर महादेव मन्दिर के प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर दो दिवसीय वार्षिक उत्सव अखण्ड रामायण के पाठ से प्रारंभ होकर रुद्राभिषेक , महा आरती व समरसता भोज के साथ सम्पन्न हुआ। वार्षिक उत्सव में विशेष रूप से महिला मंडल और बाल प्रतिभाओं ने श्री रामचरितमानस का पाठ और श्रीराम-कृष्ण कीर्तन में मुख्य रूप से सहभागिता निभाई। इस उपलक्ष पर भक्तजनों ने मंदिर में उपहार भी भेंट किये।
मन्दिर के पुजारी अमित दीक्षित ने बताया कि , शिव परिवार की स्थापना दिवस से प्रतिदिन अलग-अलग परिवार की ओर से मंदिर की साफ सफाई, प्रदोषकाल में अभिषेक, अलग-अलग रूप में भोले बाबा का श्रृंगार एवं पूजन आरती कर भोग लगाया जाता है। प्रतिदिन आयोजित होने वाले इस दिव्य पूजन – आरती के लाभार्थी बनने के लिए कॉलोनी के परिवारजन अपनी-अपनी बारी का इंतजार करते हैं और और हर्ष उल्लास के साथ एक त्यौहार की भांति पूजन आरती को संपन्न करते हैं। इस प्रकार की दिव्य व अनूठी परंपरा बहुत कम देखने को मिलती है। मंदिर में धार्मिक उत्सव के साथ राष्ट्रीय त्यौंहार भी बड़े धूमधाम से मनाए जाते हैं।