कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे
रतलाम 24 जनवरी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर रतलाम में मुख्य समारोह पोलो ग्राउंड पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चैतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8.58 बजे होगा । प्रातः 9.00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी , राष्ट्रगान होगा, 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा, 9.10 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। मुख्य समारोह में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शासकीय विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्री काश्यप द्वारा जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों , सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकी एवं परेड दल को मंच से पुरस्कृत/सम्मानित किया जाएगा।