

रतलाम 24 जनवरी। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण प्रोढ शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान मे कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के मार्गदर्शन में 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर विशेष आयोजन में “अक्षरा“ शिक्षा से बदलाव की शुरुआत हर महिला साक्षर-हर, परिवार सशक्त-हर गांव प्रगति की ओर कार्यक्रम अंतर्गत सामूहिक शपथ एवं जागरूकता संवाद का आयोजन रतलाम जिले के समस्त विकासखंडों में किया गया। जिसमें साक्षर दीदियों का अनुभव तथा उनका अक्षर साथी के रूप में पंजीयन व असाक्षर दीदियों को साक्षर करने हेतु प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर आजीविका मिशन अंतर्गत बनाए समूह की महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
“अक्षरा-शिक्षा से बदलाव की शुरुआत“’ पहल अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम रतलाम के ग्राम रघुनाथ गढ़ में आयोजित किया गया। इसमें जिला समन्वयक साक्षरता श्री ज्ञानेश्वर परिहार एवं जिला प्रबंधक आजीविका मिशन श्री अभिलाष कुमार सोनी , विकासखंड प्रबंधक श्री महेश जमारा, संकुल प्रबंधक श्रीमती ऊषा किर के साथ क्षेत्र की दीदीयों ने सहभागिता की। समस्त विकासखंडों में विकास खंड स्तरीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना, जागरूकता फैलाना तथा समुदाय को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना रहा। संपूर्ण जिले में आजीविका मिशन एवं साक्षरता मिशन से जुड़े विकासखंड के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई, साथ ही समस्त विकासखंडों में विकासखंड साक्षरता प्रभारी एवं आजीविका मिशन के प्रभारी उपस्थित थे।