त्रयंबकेश्वर बस्ती में विराट हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, शोभायात्रा व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा क्षेत्र

जावरा (अभय सुराणा)। 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस के अवसर पर त्रयंबकेश्वर बस्ती में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पूर्व दिवस बस्ती के कार्यकर्ताओं द्वारा वाहन रैली निकालकर घर-घर पहुँचकर हिन्दू सम्मेलन में शामिल होने का आव्हान किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे भारतवर्ष में हिन्दू एकता, समृद्धि, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बस्ती-बस्ती, नगर-नगर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में त्रयंबकेश्वर बस्ती में यह आयोजन सम्पन्न हुआ।
26 जनवरी को दोपहर 1 बजे भव्य हिन्दू शोभायात्रा जागनाथ महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर बस्ती के प्रमुख मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल पिपली बाजार पहुँची, जहाँ शोभायात्रा विराट सम्मेलन में परिवर्तित हो गई। सम्मेलन में बस्ती के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, भाई-बंधु तथा माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान बस्ती के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं बालिकाओं द्वारा देशभक्ति, हिंदुत्व जागरण एवं नारी सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे पूरा वातावरण ऊर्जामय हो उठा।
सम्मेलन में संत पंडित दिनेश जी व्यास, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक मानस जी उपाध्याय तथा मातृशक्ति से सोनाली जी जैन अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर माँ भारती के चरणों में पुष्प अर्पित किए। बस्ती के सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
मातृशक्ति सोनाली दीदी ने अपने उद्बोधन में स्व-परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति एवं कुटुम्ब जैसे विषयों पर सारगर्भित विचार रखे। मानस जी उपाध्याय ने महापुरुषों के त्याग, बलिदान एवं जीवन संघर्ष से उपस्थित जनसमूह को परिचित कराते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं पंडित दिनेश जी व्यास ने युवाओं में धर्म एवं संस्कृति से हो रहे भटकाव पर चिंता व्यक्त करते हुए पुनः हिंदुत्व जागरण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
अतिथि उद्बोधनों के पश्चात माँ भारती की आरती की गई तथा वन्दे मातरम् के सामूहिक गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के उपरांत पूरी बस्ती में भोजन प्रसादी का कार्यक्रम भी रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *