रतलाम जिला खाद, बीज, दवाई विक्रेता संघ की साधारण सभा एवं जिला स्तरीय व्यापारी सम्मेलन सम्पन्न

रतलाम। रतलाम जिला खाद, बीज, दवाई विक्रेता संघ की साधारण सभा एवं जिला स्तरीय व्यापारी सम्मेलन का आयोजन रंगोली गार्डन, रतलाम में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश कृषि आदान विक्रेता संघ, भोपाल के प्रदेश अध्यक्ष श मानसिंहजी राजपूत रहे।
विशिष्ट अतिथि एवं प्रमुख वक्ता आल इंडिया एग्रो इनपुट एसोसिएशन, नई दिल्ली के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मध्यप्रदेश कृषि आदान विक्रेता संघ, भोपाल के सचिव एडवोकेट संजय रघुवंशी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रतलाम जिला खाद, बीज एवं दवाई विक्रेता संघ के अध्यक्ष रमेश गर्ग ने की।
इस अवसर पर संघ संरक्षक हंसराजजी चोपड़ा, परामर्शदाता श्री सुरेंद्रजी पोखरना (जावरा) एवं रतलाम कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष मनोजजी बोराना ने भी मंच की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के प्रारम्भ में संघ के दिवंगत साथियों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया। अतिथियों का स्वागत संघ पदाधिकारियों एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे सदस्यों द्वारा किया गया। स्वागत उद्बोधन जिला संघ अध्यक्ष रमेश गर्ग ने प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि मानसिंह राजपूत ने अपने संबोधन में संगठन की आवश्यकता, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर संगठन द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
प्रमुख वक्ता एडवोकेट संजय रघुवंशी ने आगामी नए कृषि कानूनों पर विस्तार से चर्चा करते हुए व्यापार-व्यवसाय पर पड़ने वाले प्रभावों एवं संभावित दुष्परिणामों से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया।
सैलाना विधानसभा क्षेत्र सहित पेटलावद, रायपुरिया से पधारे व्यापारियों द्वारा भी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सदस्यों द्वारा विभिन्न व्यापारिक समस्याओं पर भी सार्थक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया, जिसमें संजय कोठारी (कोठारी एजेंसीज, रतलाम) के सौजन्य से 11 लकी ड्रॉ पुरस्कार वितरित किए गए। अतिथियों का शाल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री ओ. पी. पोरवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री दिलीप अग्रवाल द्वारा किया गया।
आयोजन में रतलाम जिले के विभिन्न क्षेत्रों—रतलाम, जावरा, नामली, सैलाना, बांगरोद, सरवन, ताल, आलोट, पिपलोदा, बाजना, रावटी, शिवगढ़ सहित समीपस्थ ग्रामों से बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *