

रतलाम। महिला कांग्रेस द्वारा जिले में मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत शहर महिला कांग्रेस ने प्रदेश महासचिव कुसुम चाहर के नेतृत्व में ग्राम पंचायत करमदी, तीतरी, बंजली एवं बड़बड़ में सैकड़ों महिलाओं को एकत्र कर मनरेगा से जुड़ी जानकारी दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम लागू कर संविधान में निहित काम के अधिकार को साकार किया था। मनरेगा के अंतर्गत अब तक देशभर में 180 करोड़ से अधिक कार्यदिवस सृजित हुए हैं। इसके माध्यम से गांवों में तालाब, सड़क सहित लगभग 10 करोड़ परिसंपत्तियों का निर्माण हुआ है। ग्राम पंचायतों को गांव स्तर की परियोजनाओं पर निर्णय का अधिकार देकर पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाया गया।
कोविड-19 महामारी जैसे कठिन समय में मनरेगा ग्रामीण भारतीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा सिद्ध हुआ। महिला कांग्रेस ने बताया कि वर्तमान में सरकार द्वारा मनरेगा में किए जाने वाले संभावित बदलावों को लेकर ग्रामीणों में चिंता है, इसी को लेकर यह जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा मनरेगा की बहाली और सुदृढ़ीकरण हेतु यह देशव्यापी आंदोलन कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की पदाधिकारी राधा प्रजापत, मीना जाट, सीमा चौहान, रेखा सोलंकी, जूही शर्मा, आंचल सोलंकी, रेखा परमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।