

रतलाम । नगर के प्रत्येक नागरिक को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो इस हेतु महापौर प्रहलाद पटेल ने निगम अधिकारियों के साथ धोलावाड़ व मोरवानी फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
महापौर प्रहलाद पटेल ने मोरवानी में अमृत 2.0 के तहत निर्मित किये जा रहे 12 एमएलडी फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर निर्देशित किया कि इसका कार्य ग्रीष्म ऋतु से पूर्व पूर्ण किया जाये ताकि ग्रीष्म ऋतु में पर्याप्त मात्रा में नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।
इस दौरान महापौर प्रहलाद पटेल ने प्लांट में फिल्टर किये गये पानी की लेब टेस्टिंग कराई तथा पानी को स्वंय पीकर परखा तथा पानी की गुणवत्ता को सही पाया। उन्होने निर्देशित किया कि नियमित रूप से पानी की लेब टेस्टिंग की जाये तथा फिल्टर प्लांट की भी साफ-सफाई नियमित रूप से कराई जाये।
इसके बाद उन्होने धोलावाड़ स्थित पम्पींग स्टेशन का अवलोकन करते हुए कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम का दायित्व है इस हेतु पम्पींग स्टेशन को कार्यशील अवस्था में रखा जाये तथा मोटर पम्पों में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल दुरस्त कराया जाये।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री राहूल जाखड़, सहायक यंत्री सुहास पंडित, उपयंत्री बी.एल. चौधरी, ब्रजेश कुशवाह आदि उपस्थित थे।