जावरा में शिव जयंती समारोह : “त्रिमूर्ति शिव जयंती : वेद-पुराणों में वर्णित सर्वोपरि परमात्मा शिव का स्मरण”- बी.के. सावित्री दीदी

जावरा ( नि.प्र.) । भारत देश प्राचीन काल से देवी-देवताओं की भूमि रहा है, किंतु इन सभी देव शक्तियों के सृजनकर्ता एक ही परमपिता परमात्मा शिव हैं। परमात्मा शिव अजन्मा, निराकार एवं सर्वशक्तिमान हैं, जिन्हें समस्त वेदों एवं पुराणों में सर्वोपरि ईश्वर के रूप में स्वीकार किया गया है। मानव की बुराइयों को शिव पर अर्पण कर आत्मा को पवित्र बनाना ही सच्चे अर्थों में शिव जयंती एवं शिवरात्रि मनाना है। उक्त उद्गार बी.के. सावित्री दीदी ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शाखा जावरा के पहाड़िया रोड स्थित सेवा केंद्र पर आयोजित 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती के पावन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि परमात्मा शिव ब्रह्मा के माध्यम से अवतरित होकर नई सतयुगी सृष्टि की स्थापना का दिव्य कार्य कराते हैं, इसलिए ब्रह्मा, विष्णु और शंकर के भी रचयिता त्रिमूर्ति शिव ही माने गए हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेश राठौर सेलिब्रेशन ने कहा कि इस कार्यक्रम में आकर मुझे एक अदभुत अनुभूति हुई हैं, ब्रह्मकुमारी संस्थान मानव को श्रेष्ठ बनाने का कार्य कर रही हैं।
विशेष अतिथि श्री त्रिलोक शर्मा पटवारी ने कहा की ब्रह्माकुमारी संस्था अनुशासन एवं स्वच्छता की प्रेरक हैं और अपनी गतिविधियों के माध्यम से समाज मे सेवा कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री नवीन कुमार पांडेय सहायक प्रबंधक भारतीय जीवन बीमा निगम ने कहा की में पिछले कई वर्षों से ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़ा हुआ हूं यहां आकर मन को जो शांति व सुख मिलता है,उसे शब्दो मे वर्णन करना मुश्किल हैं।
इससे पूर्व सेवा केंद्र पर मुख्य अतिथि श्री महेश राठौर सेलिब्रेशन (समाजसेवी) ,विशेष अतिथि श्री त्रिलोक शर्मा पटवारी एवं विशिष्ट अतिथि श्री नवीन पांडे (सहायक प्रबंधक एल.आई.सी.) का दीदी द्वारा तिलक लगाकर ,पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
तत्पश्चात अतिथियों द्वारा शिव ध्वज फहराया गया तथा ध्वज के नीचे सभी ब्रम्हा वत्सों को बी. के. शिवकन्या दीदी ने मानव जीवन के सद्गुणों को धारण करने की प्रतिज्ञा करवाई ।
इस अवसर पर बालिका सौंदर्या द्वारा स्वागत हेतु मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन मुकेश भाटी (एडवोकेट) ने किया, वहीं शैलेन्द्र जेठानियाँ (दानु सर) ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक,भाई, बहिन व बच्चे उपस्थित थे । अंत मे दीदी के हाथों से सभी को भोग वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *