

रतलाम 4 फरवरी। विश्व कैंसर दिवस पर मध्यप्रदेश कैंसर नियंत्रण सोसायटी की रतलाम इकाई ने स्कूलों और संजीवनी क्लिनिक पर पहुंच कर कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता का संकल्प दिलवाया और तम्बाकू पाउच से कैंसर के खतरों के पोस्टर बंटवाए। सोसायटी के आजीवन सदस्य श्री अशोक अग्रवाल की पहल पर कैंसर पीड़ितों की सहायता में अग्रणी साहित्यकार डॉ प्रदीपसिंह राव ने शा.सीएम राइज सांदीपनी उ.मा. विद्यालय और विनोबा माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को संकल्प दिलवाया कि ,“समाज में फैल रही इस विकृति की रोकथाम के लिए आजीवन जागरूक रहेंगे।“ संस्था के उप प्राचार्य श्री गजेन्द्रसिंह राठौर, एच एम श्री कपिल मिश्र एवं कविता वर्मा ने कैंसर नियंत्रण के कैलेंडर, पोस्टर और पुस्तकें भेंट की। डॉ राव ने कहा कि विगत वर्ष 2025तक प्रदेश में एक लाख से अधिक कैंसर पीड़ित मरीज बढ़ चुके हैं। जिनमें 43 हजार से अधिक पुरुष और 43400 से अधिक महिलाएं पीड़ित हैं। मध्य प्रदेश में लगभग प्रतिवर्ष 4946 कैंसर रोगी बढ़ रहे हैं, जो एशिया में दूसरे नंबर पर है। इसलिए स्कूलों में बहुत अधिक सतर्कता रखनी होगी। तेजी से बढ़ रही इस बीमारी का कारण जागरूकता का अभाव है। पूरे समाज को युद्ध स्तर पर तम्बाकू, गुटका पाउच, सिगरेट बीडी के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के प्रयास करने होंगे। श्री अशोक अग्रवाल और डॉ प्रदीपसिंह राव इस दिशा में एक राष्ट्र स्तरीय स्मारिका (,मार्ग दर्शिका)शीघ्र प्रकाशित करेगें।