
जावरा (अभय सुराणा) । जावरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं और सुविधाओं की कमी को लेकर श्री श्वेताम्बर जैन वरिष्ठ सेवा समिति, जावरा ने डी. आर. एम. महोदय रतलाम के नाम एक ज्ञापन स्टेशन मास्टर जावरा को सौंपकर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष अभय सुराणा ने बताया कि स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने से यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफार्म नंबर दो से बाहर जाने के लिए बना कच्चा मार्ग गंदगी और कीचड़ से भरा रहता है, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर दो पर टिकट खिड़की की कमी, वाटर कूलर का अभाव, वातानुकूलित प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) और कैंटीन सुविधा का न होना भी प्रमुख समस्याओं के रूप में सामने आया। समिति ने प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। दोनों प्लेटफार्म पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली कोच डिस्प्ले नहीं लगा हुआ है जिसके कारण बहुत ज्यादा परेशानी होती है तो कई बार बच्चे महिलाए सीनियर सिटीजन गिर भी जाते हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जावरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर कई लंबी दूरी की और साप्ताहिक ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को अन्य शहरों से यात्रा करनी पड़ती है। साथ ही, स्टेशन के बाहर कोल इंडिया द्वारा निर्मित शौचालय की टेंडर प्रक्रिया लंबित होने के कारण उपयोग में नहीं आ पा रहा, जिससे स्वच्छता संबंधी समस्या भी बनी हुई है। इसके साथ ही स्टेशन के बाहर कोई वाहन पार्किंग की जगह निश्चित नहीं होने से मन चाहे स्थान पर गाड़ियां खड़ी रहती है जिससे पैदल चलने वाले को भी परेशानी आती है।
समिति ने संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया कि इन सभी समस्याओं के समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई कर जावरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए। समिति ने आशा व्यक्त की कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।
ज्ञापन का वाचन समिति के अध्यक्ष अभय सुराणा ने किया संचालन प्रदीप सेठिया ने किया तथा आभार सचिव राजकुमार हरण ने माना।
स्टेशन मास्टर रतिराम मीना ने कहा कि आपका यह 13 सूत्रीय मांग पत्र हम संबंधित अधिकारी को भेज देंगे तथा वहां से जिन समस्याओं का समाधान हो जाएगा इसकी सूचना भी आपको दे देंगे। इस अवसर पर निम्नलिखित सदस्य उपस्थित थे।
आनंदीलाल संघवी प्रकाशचंद संघवी नेमीचंद जैन कनकमल चौरड़िया प्रदीप सेठिया प्रकाश कोठारी अशोक धोका ऋषभ छाजेड़ अभय सुराणा राजकुमार हरण प्रदीप सेठिया आदि सदस्य उपस्थित थे।