


रतलाम। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में संभागीय स्तरीय पिट्टू पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया इस प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में रतलाम टीम ने मंदसौर टीम को कड़े संघर्ष में 54–14 के अंतर से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में रतलाम टीम ने आगर मालवा टीम को 43–22 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस प्रकार दोनों वर्गों में रतलाम की टीम विजेता रही।
विजेता एवं सहभागी सभी टीमों को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्र तथा वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मिलिंद डांगे ने बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका दुर्गा शंकर मौर्य, अतुल वर्मा, गोकुल सिंह चौहान, विजय रावल एवं माधव शर्मा ने निभाई।
आयोजन के संबंध में महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रूपेंद्र फरस्वाण ने बताया कि प्रतियोगिता के उपरांत चयन समिति द्वारा उज्जैन संभाग की टीम का गठन किया गया है, जो आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
चयन समिति में रक्षा यादव (शासकीय महाविद्यालय सैलाना), देवेंद्र कुंभकर (शासकीय महाविद्यालय शुजालपुर), पुनीत गुप्ता (शासकीय महाविद्यालय महिदपुर) एवं श्वेता भल्ला (शासकीय महाविद्यालय घटिया) उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं संचालन डॉ. रविकांत मालवीय, डॉ. रोहित प्रभाकर पाटील, डॉ. अभिजीत बिश्नोई, राधा निनामा, डॉ. अर्जुन पंवार, डॉ. भावना पाटीदार, डॉ. अनीता मालवीय एवं डॉ. स्वाति गुप्ता द्वारा किया गया।
आयोजन के अंत में सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।