केंद्रीय बजट व्यापारियों के लिए काफी राहत देने वाला- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

भाजपा द्वारा व्यापारियों से संवाद एवं परिचर्चा संपन्न

रतलाम, 7 फरवरी। इज ऑफ डूइंग व्यापार को सरल कैसे करना, इस पर बजट में कई प्रावधान है। व्यापारिक जगत में सरकारी तंत्र का कम से कम इंवॉल्वमेंट हो, उस पर चिंतन किया गया है। छोटी-मोटी गलती की आपराधिक धाराओं को हटाया गया है। किसी कारण से किसी को कोई आमदनी हो, तो उस पर 78 प्रतिशत टैक्स लगता था, बजट में उसे 38 प्रतिशत कर दिया गया है। बजट में जिन कारणों से तनाव होता था, उन्हे सरल कर दिया गया है।
यह बात सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कही। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट 2026 को लेकर आयोजित व्यापारियों से संवाद एवं परिचर्चा को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया । इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, बजट टोली जिला संयोजक महामंत्री जयवंत कोठारी, टोली सदस्य व्यापारी प्रकोष्ठ जिला संयोजक रजनीश गोयल, व्यवसायिक प्रकोष्ठ संयोजक सीए रजनीश जैन, जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी, सोश्यल मीडिया जिला संयोजक करण वशिष्ठ मंचासीन रहे।
श्री काश्यप ने बजट के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आम जनमानस के बीच बजट को लेकर 70 सालों तक आय-व्यय पत्रक की धारणा बनी रही है, प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में इसमे बड़ा बदलाव आया है। केंद्रीय बजट अब आंकड़ों का मायाजाल नहीं होकर वास्तविक रूप देश की अर्थ व्यवस्था का पत्रक बन रहा है। बजट वैसे ही देश का रोड मैप होता है, देश की दिशा क्या हो और उसे किस मार्ग पर ले जाना है, ये इससे ही तय होता है। मोदीजी के नेतृत्व में इस साल का बजट विकसित भारत की संकल्पना पूरा करने का आधार बना है, जिससे हर वर्ग का देश के विकास में योगदान सुनिश्चित होगा।
मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि अमेरिका से ट्रेड डील के बाद दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। मोदी जी देश के पहले प्रधानमंत्री है, जिन्होंने भारत के लिए विकासशील से विकसित होने की दिशा निश्चित की है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश की इकोनामी ग्रोथ बड़ी है। किसी भी देश के विकसित होने का पहला मापदंड गरीबी से मुक्त होना होता है और इस दिशा में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। मोदी जी ने बजट में जो रोडमैप दिया है, वह पूरा विकास का है। आर्थिक रूप से हम समृद्ध बने, गरीब कल्याण हो, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर बने और उसके साथ बजट ने विभिन्न सामाजिक आयामों को छुआ है। बजट में सरकार को कर्ज लेना और कितना लेना है, यह भी तय किया गया है। देश के साथ वित्तीय अनुशासन का काम मध्यप्रदेश में भी हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में प्रदेश तेज गति से आगे बढ़ रहा है।आरंभ में जिलाध्यक्ष श्री उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया । संचालन जयवंत कोठारी ने किया । आभार रजनीश गोयल ने माना ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *