इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

टू व्हीलर ऑटो गैरेज एसोसिएशन का इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

रतलाम। टू व्हीलर ऑटो गैरेज एसोसिएशन द्वारा लक्कड़ पीठा स्थित रांका ऑटो मोबाइल्स पर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमावत, एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद काकानी एवं महामंत्री राजेश रांका का पदाधिकारियों द्वारा माला पहनाकर स्वागत समिति पदाधिकारी महमूद भाई, दिलीप शर्मा, इसरार रहमानी, साबिर रहमानी एवं प्रहलाद पाटीदार ने किया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य सुभाष कुमावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिकाधिक उपयोग आवश्यक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के दृष्टिकोण से भी इलेक्ट्रिक वाहनों को भविष्य की आवश्यकता बताया।
एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद काकानी ने स्वागत भाषण में बताया कि संगठन द्वारा इलेक्ट्रॉनिक बैटरी चालित वाहनों की नई तकनीक की जानकारी देने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से गैरेज संचालक इलेक्ट्रिक वाहनों की मरम्मत और तकनीकी सेवाएं अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध करा सकेंगे। साथ ही शीघ्र काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से एक और तकनीकी कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
कार्यक्रम प्रभारी एवं महासचिव राजेश रांका ने इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाले विभिन्न पार्ट्स की जानकारी दी। वहीं मास्टर ट्रेनर इलेक्ट्रिक इंजीनियर श्रेयांश राजेश रांका ने इलेक्ट्रिक बैटरी चालित वाहन के पुर्जों को खोलकर उनके नाम एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन वाहनों में लिथियम बैटरी का उपयोग अधिक लाभकारी है, क्योंकि इससे वाहन की चलने की क्षमता, आयु एवं वारंटी अवधि बढ़ती है। लिथियम बैटरी सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहतर होती है तथा रिपेयरिंग में ग्राहकों को अनेक लाभ मिलते हैं।
कार्यशाला में वरिष्ठ टेक्नीशियन सुनील परिहार एवं इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर मुकेश चौहान का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष साबिर रहमानी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गैरेज संचालक गफ्फार भाई, मोहन भाई, सुनील शर्मा, सुरेंद्र सिंह सिसोदिया, साबिर मंसूरी, तेजू भाई, अंसार भाई, अयाज भाई, मनोज कुमावत, सुशील परिहार, लखन भाई, विक्रम ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे तथा उक्त जानकारी राजेश रांका ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *