
रतलाम। फागण सुदी पंचमी के पावन अवसर पर आस्था, श्रद्धा और शिवभक्ति का दिव्य संगम शिव शक्ति वासुकी धाम, स्नेह नगर (80 फीट रोड) में साकार होगा। रविवार, 22 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से वासुकीनाथ बाबा का विधि-विधानपूर्वक अलौकिक महाअभिषेक संपन्न किया जाएगा।
इस पावन अवसर पर दूध, दही, पंचगव्य एवं शुद्ध जल से बाबा का अभिषेक किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्रपाठ एवं सामूहिक प्रार्थना से सम्पूर्ण वातावरण शिवमय हो उठेगा।
धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धाभाव, विश्वास और पूर्ण समर्पण से किया गया अभिषेक साधक के जीवन में व्याप्त दुःख, मानसिक तनाव, भय और नकारात्मक ऊर्जा का शमन करता है। शिव चरणों में अर्पित प्रत्येक जलधारा अंतर्मन को शुद्ध कर नई आध्यात्मिक चेतना, आत्मिक बल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। ऐसी आस्था है कि जो श्रद्धालु पवित्र भाव से सफेद पुष्प एवं नारियल अर्पित कर विधिपूर्वक परिक्रमा करते हैं, उनके जीवन में मंगल ऊर्जा, समृद्धि और आत्मिक शांति का वास होता है। मान्यता है कि श्रद्धा से किया गया यह पूजन पारिवारिक कलह, ग्रहबाधा, कार्य में अवरोध तथा मानसिक व्याकुलता को दूर कर जीवन को सुख, संतोष और सफलता की दिशा में अग्रसर करता है।
स्नेह नगर विकास समिति की अध्यक्ष चेतना पाटीदार ने बताया कि वासुकीनाथ बाबा की कृपा से प्रतिमाह उजियारी पंचमी तथा प्रत्येक रविवार को विशेष पूजन एवं अभिषेक आयोजित किए जाते हैं, जिनमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करते हैं।
इस दिव्य आयोजन में पंडित प्रवीण शर्मा के सानिध्य में वैदिक विधि से महाअभिषेक एवं पूजन संपन्न होगा। नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिव कृपा का लाभ लेने का आग्रह किया है।
धाम परिवार का आह्वान है — आइए, 22 फरवरी 2026, रविवार दोपहर 12 बजे से इस महाअभिषेक में सहभागी बनकर अपने जीवन एवं नगर को शिव कृपा, शांति और मंगल ऊर्जा से व मंदिर की 3 परिक्रमा लगाकर जीवन को आलोकि करे!