सिंहस्थ 2028 के लिए माइक्रो प्लानिंग शुरू

हर स्तर पर बारीकी से निगाह रख आने वाले यातायात पार्किंग और श्रद्धालुओं को बेहतर प्रबंधन देने के लिए तैयारी की जा रही है – संभागायुक्त श्री सिंह

उज्जैन 26 फरवरी। संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राकेश गुप्ता ने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के साथ सिंहस्थ मेला कार्यालय में 3 घंटे से अधिक पार्किंग व्यवस्थाओं के संभावित प्लान की समीक्षा की।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बैठक में दिए गए निर्देश के बाद सिंहस्थ 2028 के लिए उल्टी गिनती लगभग शुरू हो चुकी है। इसके लिए संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी माइक्रो प्लानिंग शुरू कर दी है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राकेश गुप्ता ने सिंहस्थ मेला कार्यालय में सिंहस्थ 2028 के दौरान की जाने वाली पार्किंग व्यवस्थाओं के प्‍लान का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर समीक्षा की।इस बैठक में कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में इंदौर और देवास की ओर से आने वाले यातायात, बडनगर, बदनावर से आने वाले यातायात, उसकी भीड़ प्रबंधन के लिए वाहनों की व्यवस्था पर गंभीर चिंतन किया गया। इसके साथ ही गरोठ रोड, आगर और मक्‍सी की और से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी वार्ता हुई।
सिंहस्‍थ में किस प्रकार से वाहनों को मेला क्षेत्र में आने से पहले लेवल वन पार्किंग, लेवल 2 पार्किंग और लेवल 3 पार्किंग किस प्रकार से रखी जाए। इसके साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि पार्किंग का स्थल नदी घाट से 2 किलोमीटर से अधिक ना रहे, जहां तक संभव हो श्रद्धालुओं को 1 से 2 किलोमीटर के परिधि क्षेत्र में ही पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध हो सके। बैठक में संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने बताया कि इसके लिए सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है और यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि उज्जैन को जोडने वाले फोर लेन, सिक्स लेन बाईपास एवं अन्य मार्गों के पास ही पार्किंग व्यवस्था रखी जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को पार्किंग भी आसानी से उपलब्ध हो और साथ ही अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करा दी जाएं। बैठक में एडीजी श्री गुप्ता ने बताया कि पिछले सिंहस्थ के अनुभव को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि लोग शीघ्रता से घाट पर पहुंच जाएं और पार्किंग व्यवस्था पर ही अन्य सभी सुविधाएं श्रद्धालुओं को उपलब्ध हो जाए जिससे वे स्नान करके तुरंत गंतव्य के लिए रवाना हो सके।बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री संदीप सोनी ने बताया कि आने वाले सभी फोर लेन और सिक्स लेन के पास जो मार्ग उज्जैन से जुड़ रहे हैं पार्किंग की व्यवस्था का प्लान किया गया है। इसमें 12 से अधिक पार्किंग स्थलों को चयनित कर लगभग 5 से 7 लाख वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। संभावित प्‍लान अनुसार लेवल वन पार्किंग पर लगभग 1 लाख वाहन ,लेवल 2 पार्किंग पर लगभग 2 से 3 लाख गाड़ियां और लेवल 3 पार्किंग पर तीन से चार लाख वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इंदौर रोड पर, बड़नगर रोड पर, गरोठ रोड के पास और आगर रोड के पास भी पार्किंग की व्यवस्थाओं के लिए स्थल चयनित किए जा रहे हैं। सिंहस्‍थ में अलग-अलग मार्गों से आने वाले यातायात की संभावनाओं को देखते हुए पार्किंग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके साथ पार्किंग व्यवस्थाओं से नदी घाट तक के लिए पक्के रोड की व्यवस्था भी की जा रही है जिससे श्रद्धालुओं को आसानी से स्नान के लिए मार्ग भी उपलब्ध हो सके। बैठक में अन्य पार्किंग व्यवस्थाओं के साथ यातायात को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए भी अंडरपास बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यातायात सुचारू बनाए रखने के लिय वैकल्पिक मार्गों के साथ जोड़ा जाए, जिससे भीड़ प्रबंधन और बेहतर तरीके से हो सके। देवास और इंदौर मार्ग के बीच अन्य वैकल्पिक मार्ग भी बनाए जा रहे हैं। इसी के साथ बड़नगर और इंदौर पहुंच मार्ग के वैकल्पिक रूट भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।इन सभी व्यवस्थाओं के साथ ही पार्किंग को बेहतर तरीके से बनाए रखने के लिए माइक्रो प्लानिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *