होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा प्रशासन का जाँच अभियान सतत जारी

11 प्रतिष्ठानों की जांच, कुल 37 नमूने लिए गए, एक प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार कराया गया बंद

इन्दौर 26 फरवरी । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा होली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की सघन जांच कर मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में होली पर्व को देखते हुए जिले में विशेष सघन जांच अभियान निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के अधिकाधिक नमूने लिए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में प्रभावी कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में आज 26 फरवरी को न्यू देवास रोड, मालवा मिल स्थित OVK महिला गृह उद्योग का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रोप्राइटर श्री केतन जैन उपस्थित पाए गए। परिसर में मेथी बिस्किट, शकर पारा, मैदा फली, मैदा काजू, मिनी भाकरवाड़ी, मठरी आदि का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जाना पाया गया तथा निर्माण हेतु परिस्थितियाँ उपयुक्त नहीं पाई गईं। मौके से खाद्य पदार्थों के कुल 05 नमूने लिए गए तथा सुधार होने तक परिसर में खाद्य पदार्थों का निर्माण कार्य बंद कराया गया।
इसी प्रकार श्री कृष्ण दूध दही भंडार, बड़ी भमोरी का औचक निरीक्षण कर संचालक श्री रितेश कामदार से मिल्क केक एवं पेड़ा के कुल 02 नमूने लिए गए। श्री कृष्ण मिल्क एंड स्वीट्स, बड़ी भमोरी का निरीक्षण कर संचालक श्री कुणाल मुकाती से मावा एवं पनीर के कुल 02 नमूने लिए गए। श्री द्वारकाधीश स्वीट्स एंड नमकीन, छोटी भमोरी से बर्फी, बेसन लड्डू एवं सेव, चना दाल एवं उड़द दाल के कुल 05 नमूने लिए गए। अंबिका स्वीट्स एवं नमकीन, छोटी भमोरी का निरीक्षण कर बेसन लड्डू, दूध बर्फी, दूध कतली एवं नमकीन के कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए। पार्श्वनाथ स्वीट्स, भमोरी का औचक निरीक्षण कर खाद्य कारोबारकर्ता श्री दीपेश जैन के हस्ते मिल्क केक, मावा कतली एवं गुपचुप के कुल 03 नमूने लिए गए। श्री श्याम ट्रेडिंग, नंदा नगर, इंदौर का निरीक्षण कर विभिन्न दालों के कुल 05 नमूने लिए गए। भेरुनाथ नमकीन, नंदा नगर से नमकीन के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए। द्वारकाधीश दूध दही भंडार, पाटनीपुरा का निरीक्षण किया गया, जहां श्री त्रिलोक मेहता उपस्थित पाए गए। मौके से मावा एवं दही के कुल 02 नमूने लिए गए तथा संबंधित को साफ-सफाई संबंधी निर्देश दिए गए।मां उमिया मावा भंडार पर श्री राकेश पाटीदार उपस्थित पाए गए, जहां से मावा का नमूना लिया गया। महाराजा मिल्क सेंटर का निरीक्षण कर श्री मयंक खंडेलवाल से गुलाब जामुन, घी एवं दही के कुल 03 नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में खाद्य पदार्थों की सघन जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *