रक्तदान की अलख जगाने वाले शेखर नाहर सम्मानित, सेवार्थियों का भी सम्मान किया

जावरा (अभय सुराणा)। जिला चिकित्सालय रतलाम में सर्वाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ावदा रक्तदान सेवा समिति के संरक्षक शेखर नाहर का विशेष रूप से सम्मान किया गया। साथ ही रक्तदान सेवा से जुड़े कई सक्रिय सेवार्थियों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में डॉ. राठौर, बड़ावदा रक्तदान सेवा समिति के प्रवीण व्यास तथा संस्था के सचिव सुदीप भारती का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रक्तदान सेवा में उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया और कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में मानवता की मिसाल कायम होती है।
इस अवसर पर संरक्षक शेखर नाहर ने अपने संबोधन में रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्त किसी मशीन में नहीं बन सकता, यह केवल इंसान ही इंसान को दे सकता है। हमारे द्वारा किया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए वे अपनी रक्तदान पर आधारित मूवी के माध्यम से भी समाज में संदेश दे रहे हैं और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *