

रतलाम। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रतलाम पुलिस द्वारा समाज में उत्कृष्ट सेवाभावी कार्य करने वाली महिलाओं एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं के सम्मान में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय भोपाल से विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) द्वारा संचालित एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन महिलाओं का उत्साहवर्धन करना था, जिन्होंने स्थानीय कुरीतियों जैसे बाल विवाह की रोकथाम तथा अन्य महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध जागरूकता एवं रोकथाम में उल्लेखनीय कार्य किया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में महिला थाना रतलाम में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती रेखा चौधरी एवं थाना स्टाफ द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी क्रम में थाना कालूखेड़ा में भी थाना प्रभारी निरीक्षक श्री शंकर सिंह चौहान एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा महिलाओं को पुष्पहार, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा, महिला अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा महिलाओं को यह भी प्रेरित किया गया कि किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें।
रतलाम पुलिस द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश देते हुए समाज में महिलाओं की भूमिका को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।