

रतलाम 14 मार्च । जिले में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में राजस्व अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किया जा रहा है एवं गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग की शिकायतों पर कार्यवाही की जा रही है।
एसडीएम आलोट रचना शर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की शिकायतों के बीच आलोट में बड़ी कार्यवाही करते हुए वार्ड क्रमांक-2 नागेष्वर रोड स्थित मेवातीपुरा क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान वाजिद अलगानी के यहां से गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाली मशीन सहित 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने मौके पर पंचनामा बनाकर सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी।
कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर, फूड इंस्पेक्टर कादंबनी धकाते, पटवारी कमलेश जमारे, पटवारी स्वागत दुबे, राहुल मूलचंदानी तथा राजुल पटेल सहित प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
प्रशासनिक टीम ने नागेश्वर बाईपास स्थित रोहिणी ढाबे पर भी जांच की। यहां से एक कमर्शियल गैस सिलेंडर तथा दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है, जिस पर पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्यवाही की गई।
फूड इंस्पेक्टर कादंबनी धकाते ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग और रिफिलिंग करना कानूनन अपराध है। प्रशासन इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और आगे भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।