

रतलाम (अभय सुराणा)। जिले के सरसी गांव में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी चूल तेरस महोत्सव समिति के तत्वाधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर के दौरान कुल 121 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो क्षेत्र के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही। विशेष बात यह रही कि इस वर्ष महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और समाज के सामने मानवता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की। कार्यक्रम में सरसी चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने भी अपनी धर्मपत्नी के साथ रक्तदान कर लोगों को सेवा और सहयोग का संदेश दिया। उनके इस सराहनीय कदम की ग्रामीणों और उपस्थित जनों ने प्रशंसा की तथा इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए समिति द्वारा सभी रक्तदाताओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के मीडिया प्रभारी पवन धाकड़ (सरसी) ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 मार्च को सरसी के राजा हनुमान मंदिर परिसर में चूल तेरस महोत्सव का मुख्य आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के अवसर पर हर वर्ष इस प्रकार के सामाजिक और सेवा कार्यों का आयोजन किया जाता है, जिससे समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता का संदेश प्रसारित होता है। शिविर के सफल आयोजन पर समिति ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।