
रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने रेलवे के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए दिनांक 13 मार्च 2026 को बिलडी से न्यू उधना तक सबसे तेज सुपर-क्रैक लॉन्ग हॉल कंटेनर ट्रेन का सफलतापूर्वक संचालन किया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह उपलब्धि रतलाम मंडल की उच्च स्तरीय परिचालन दक्षता, बेहतर संसाधन प्रबंधन, समय एवं मानव संसाधनों की बचत तथा माल परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि का प्रमाण है। बिलडी से न्यू उधना तक सुपर-क्रैक लॉन्ग हॉल कंटेनर ट्रेन मात्र 6 घंटे 55 मिनट में न्यू उधना पहुँची। इस दौरान ट्रेन की औसत गति 54.97 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो रेलवे की लॉजिस्टिक्स दक्षता एवं तकनीकी उत्कृष्टता को दर्शाती है।
रतलाम मंडल द्वारा इससे पूर्व भी 08 जनवरी 2026 को बिलडी से उधना तक मंडल की पहली लॉन्ग हॉल कंटेनर ट्रेन का सफल संचालन किया गया था। इसके पश्चात 10 जनवरी 2026 को दूसरी लॉन्ग हॉल ट्रेन वटवा से बकानियां भौरी के मध्य सफलतापूर्वक चलाई गई। इस प्रकार रतलाम मंडल ने लॉन्ग हॉल कंटेनर ट्रेनों के सफल परिचालन की दिशा में यह तीसरी महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि पश्चिम रेलवे, विशेष रूप से रतलाम मंडल की नवाचार-प्रधान सोच, परिचालन उत्कृष्टता तथा माल परिवहन को अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।