महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे (प्रभारी) द्वारा सिंहस्‍थ मेला-2028 की तैयारियों का लिया जायजा

रतलाम, 18 मार्च। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्‍थ मेला की भव्यता एवं दिव्यता को ध्यान में रखते हुए रेलवे अवसंरचना के विकास से संबंधित विभिन्न कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात सुगमता एवं सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ये कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने की दिशा में तेजी से प्रगति पर हैं।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे (प्रभारी) प्रदीप कुमार ने 18 मार्च, 2026 को सिंहस्‍थ मेला-2028 से संबंधित रेलवे क्षेत्र में प्रस्तावित एवं प्रगति पर चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी ली तथा मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उज्जैन क्षेत्र के अंतर्गत पंवासा, मोहनपुरा, विक्रम नगर, चिंतामन गणेश, क्षिप्रा ब्रिज तथा नई खेड़ी स्टेशन पर किए जा रहे कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। महाप्रबंधक श्री कुमार ने क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति एवं मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ मुलाकात भी की।
मीडिया से चर्चा करते हुए महाप्रबंधक श्री कुमार ने कहा कि सिंहस्थ से सम्बन्धित कार्यों को रेलवे अधिकारियों द्वारा प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसके लिए राज्य प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किए जा रहे हैं तथा नियमित अंतराल पर बैठक का आयोजन भी किया जा रहा है ताकि कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरी की जा सके।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री अश्वनी कुमार सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *