
लंदन, (यूके)/ रतलाम। ब्रिटेन की संसद के हाउस ऑफ कॉमन में बड़े उत्साह और गर्व के साथ ‘राजस्थान दिवस’ मनाया गया। जिसमें विशिष्ट अतिथियों, सामुदायिक नेताओं और राजस्थानी प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें सांसद बॉब ब्लैकमैन (पद्म श्री), लॉर्ड रामी रेंजर, तथा महेंद्र सिंह जडेजा (अध्यक्ष, SACCI) शामिल थे। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और यूके में राजस्थानी समुदाय की सांस्कृतिक समृद्धि एवं योगदान पर प्रकाश डाला।साउथ एशियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के साथ मेमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग भी साइन किया गया।
राजस्थान फाउंडेशन यूके चैप्टर के प्रमुख प्रतिनिधि भी इस समारोह में उपस्थित रहे, जिनमें अध्यक्ष अजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. प्रहलाद राम फरोड़ा, सचिव सुमित जालान, संयुक्त सचिव राखी सिंह गेहलोत, कोषाध्यक्ष रामनरेश सोनी तथा कार्यकारी सदस्य मयूरी चोरड़िया, बृज हल्दानिया, आनंद सिंह तंवर, सुरेंद्र सिंह शेखावत, संजना कर्णानी, अभिषेक व्यास और चेतना आर. चौहान शामिल थे।
कार्यक्रम की महत्ता को और बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भजनलालजी शर्मा ने वर्चुअल रूप से संबोधित किया। उनके साथ आईएएस आयुक्त मनीषा अरोड़ा और अमित सिंघल भी जुड़े, जो राजस्थान और उसके वैश्विक प्रवासी समुदाय के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है।
इसी कार्यक्रम में आगे, राजस्थान की संस्कृति को अंकित करने हेतु, लोक गीतों का प्रदर्शन करते हुए, ऊर्जावान नृत्यों और घूमर की प्रस्तुति दी गई।कार्यकारिणी सदस्य राखी सिंह ने सेठियाजी की कविता संग्रह – ‘मायड़ रो हेलो’ का काव्यपाठ करके राजस्थानी भाषा की मिठास और विविधता से इस कार्यक्रम को जीवंत बनाय तथा मयूरी चौरड़िया ने ‘ये हैं मेरा राजस्थान’ कविता के माध्यम से राज्य की विशेषताओं का चित्रण करते हुए, राज्य में निवेश और पर्यटन को बढ़ाने पर बल दिया।
इस अवसर पर राजस्थान के उन उत्कृष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज और सामुदायिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
यह समारोह न केवल राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव था, बल्कि दुनिया भर में बसे राजस्थानियों की उपलब्धियों और योगदान का भी प्रतीक बना। इसने राजस्थानी समुदाय में एकता और गर्व की भावना को और मजबूत किया तथा भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को सुदृढ़ किया।