जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत “जल शक्ति से जल भक्ति” कार्यक्रम व नर्सरी प्रबंधन पर प्रशिक्षण संपन्न

रतलाम 23 मार्च। रतलाम में म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा संवाद योजना अंतर्गत जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत “जल शक्ति से जल भक्ति” कार्यक्रम में नवांकुर स्वैच्छिक संगठनों की जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल प्रबंधन, नर्सरी स्थापना, पौधारोपण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र में वाटरशेड कार्यक्रम के टीम लीडर श्री अनिल शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा सामुदायिक सहभागिता से जल प्रबंधन के प्रभावी उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम रतलाम के उद्यान प्रभारी श्री अनिल पारे ने अपने संबोधन में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बीज एवं पौधों के चयन की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि सही प्रजाति का चयन ही पौधारोपण की सफलता का आधार है। पार्क प्रभारी श्री अनिल धाकड़ ने नर्सरी प्रबंधन के व्यावहारिक पक्षों पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए नर्सरी बेड तैयार करने की विधि, पॉलीथीन बैग भरने, बीज उपचार एवं पौधों की प्रारंभिक देखभाल के तरीके प्रतिभागियों को प्रायोगिक रूप से समझाए। नर्सरी संबंधी यह प्रशिक्षण नगर निगम रतलाम के सहयोग से कालिका माता उद्यान में प्रायोगिक रूप से आयोजित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को स्थल पर ही सीखने का अवसर मिला।
म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान जनभागीदारी से ही सफल हो सकता है। नवांकुर स्वैच्छिक संगठनों की भूमिका, चरणबद्ध क्रियान्वयन, ग्राम स्तर पर कार्ययोजना तथा सतत निगरानी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला । बालाजी नर्सरी के डायरेक्टर श्री प्रद्युम्न व्यास ने पौधों की देखभाल, पोषण प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी देते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी निरंतर देखरेख भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं स्वावलंबन के आधार पर किए जा रहे ग्राम विकास कार्यों तथा त्रैमासिक कार्ययोजना की समीक्षा की गई। साथ ही विकासखंड समन्वयकों द्वारा परिषद की योजनाओं एवं एमआईएस का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
बैठक में विकासखंड समन्वयक श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, श्री रतनलाल चरपोटा, श्री शिवशंकर शर्मा, श्री युवराज सिंह पंवार, श्री निर्मल अमलियार, श्री मुकेश कटारिया, श्री महावीर दास बैरागी, श्री विजयेश राठौड़ सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शहीद दिवस के अवसर पर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *