भव्य चुनरी यात्रा आज निकलेगी, 111 फीट लंबी चुनरी के साथ 39 किमी पैदल चलेंगे भक्त

चैत्र नवरात्रि सप्तमी पर शाम 6 बजे राजमहल से प्रारंभ, सुबह गढखंखई माता मंदिर पर होगी पूर्णाहुति

रतलाम। भक्ति और शक्ति के महापर्व चैत्र नवरात्रि की सप्तमी, 25 मार्च बुधवार को शहर में भव्य एवं विराट चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा शाम 6 बजे राजमहल स्थित श्री पद्मावती माता मंदिर से प्रारंभ होकर 39 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए राजापुर स्थित श्री गढ़खंखाई माता मंदिर पहुंचेगी।
आयोजन समिति के संयोजक जनक नागल, अध्यक्ष धर्मेन्द्र रांका (पार्षद) एवं नरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यात्रा से पूर्व श्री पद्मावती माता एवं श्री चामुंडा माता को 11-11 फीट की चुनरी ओढ़ाकर पूजा-अर्चना एवं महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात सैकड़ों भगवा ध्वजों, ढोल-नगाड़ों, बैंड और म्यूजिक सिस्टम के साथ 111 फीट लंबी चुनरी लेकर श्रद्धालु यात्रा प्रारंभ करेंगे।
यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, लक्कड़पीठा, सुतारों का वास, बाजना बस स्टैंड, अंडर ब्रिज, सागोद रोड एवं शिवगढ़ होते हुए गुजरेगी। पूरी रात भक्तगण माता रानी के भजन एवं गरबा करते हुए यात्रा में शामिल रहेंगे। प्रातः लगभग 6 बजे गढ़खंखाई माता मंदिर पहुंचकर चुनरी अर्पित की जाएगी तथा हिंदू राष्ट्र की कामना के साथ यात्रा का समापन होगा। उल्लेखनीय है कि यह चुनरी यात्रा का 26वां वर्ष है।
आयोजन समिति के महर्षि श्री संजय शिव शंकर दवे, जनक नागल, धर्मेन्द्र रांका, मंगल सिंह पंवार, मदन सोनी, अजय यार्दे, मुकेश गांधी, विपिन सोनी, नीरज चावला, संजय पेमाल, रत्ना पाल, गोपाल शर्मा, गब्बर यादव, अर्जुन प्रजापत, सोनू प्रजापत, चिराग जायसवाल, जितेंद्र बामनिया, विनोद गुर्जर, शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, पप्पू गादिया, रवि रानीवाल, हेमंत ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित शामिल होने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *