बड़बड़ हनुमान मेले की तैयारियों को लेकर महापौर प्रहलाद पटेल ने ली बैठक

31 मार्च को निकलेगी भव्य झांकी व संयुक्त अखाड़ा

रतलाम, 26 मार्च । नगर निगम महापौर कक्ष में आज बड़बड़ हनुमान मेले के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने की, जिसमें मेले की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सभी पार्षदों के साथ साझा की गई।
महापौर श्री पटेल ने कहा कि बड़बड़ हनुमान मेला शहर की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने एवं मेले को भव्य बनाने हेतु सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष नगर निगम परिषद द्वारा मेले में नवाचार किया जा रहा है। इसके तहत 31 मार्च (मंगलवार) को राम मंदिर से बरबड़ हनुमान मंदिर तक हनुमानजी की भव्य झांकी, चल समारोह एवं संयुक्त अखाड़ा निकाला जाएगा। इस आयोजन में शहर के विभिन्न अखाड़ों के पहलवान एक ही बैनर के अंतर्गत शस्त्र कला का प्रदर्शन करेंगे, जिसमें बैण्ड-बाजे एवं ढोल की आकर्षक प्रस्तुति भी शामिल रहेगी।
महापौर श्री पटेल ने कहा कि इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए नगर के विभिन्न समाजों से अधिकाधिक सहभागिता अपेक्षित है। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने भी झांकी, चल समारोह, संयुक्त अखाड़ा एवं दो दिवसीय चंटिया रास कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी बताया गया कि मेले के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट सहभागिता के लिए पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम विवरण:
29 व 30 मार्च को चंटिया रास का आयोजन
31 मार्च को राम मंदिर से बरबड़ हनुमान मंदिर तक भव्य झांकी, चल समारोह एवं संयुक्त अखाड़ा

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, एमआईसी सदस्य श्री धर्मेंद्र व्यास, श्री भगत सिंह भदोरिया, श्री अक्षय संघवी, श्री राजू सोनी सहित अनेक पार्षद उपस्थित रहे। बैठक में भाजपा पार्षद श्री रणजीत टांक, श्री धर्मेंद्र रांका, श्री बलराम भट्ट, श्री परमानंद योगी, श्री योगेश पापटवाल, श्रीमती देव श्री पुरोहित, श्रीमती प्रीति कसेरा तथा पार्षद प्रतिनिधि श्री रमेशचंद्र पांचाल, श्री शेरु पठान एवं श्री राजेंद्र चौहान भी मौजूद थे।
बैठक का समापन मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए की गई। नगर निगम द्वारा सभी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं तथा आयोजन को भव्य रूप देने हेतु व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *