“माताजी की वाणी में मौसम का मंथन – तीन बार बोवनी, जोरदार बारिश और बाजार में उछाल के संकेत”

जावरा (अभय सुराणा)। रतलाम जिले के गोठड़ा गांव के समीप मलेनी नदी किनारे स्थित प्राचीन गोठड़ा माताजी मंदिर में शुक्रवार को चैत्र नवरात्रि की नवमी (राम नवमी) के पावन अवसर पर परंपरागत वार्षिक भविष्यवाणी का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। हवन-पूजन के पश्चात पंडा नागूलाल चौधरी ने हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आने वाले वर्ष के मौसम, खेती, व्यापार और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दिए।
मालवा अंचल में वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को विशेष रूप से किसान वर्ग अत्यंत महत्व देता है। मान्यता है कि माताजी की कृपा से पंडा के मुख से निकली भविष्यवाणी किसानों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होती है और उसी आधार पर कृषि रणनीति तैयार की जाती है।

बारिश और खेती के संकेत
भविष्यवाणी के अनुसार इस वर्ष तीन बार बोवनी के योग बन रहे हैं। सावन और भादवा में आंशिक कमी के बावजूद शेष समय में अच्छी और जोरदार बारिश होने के संकेत दिए गए हैं। कुंवार माह में भी पर्याप्त वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा वर्षभर में सात मावठे गिरने और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने की संभावना भी व्यक्त की गई।
फसलों के संदर्भ में गेहूं, चना और मेथी के भाव बेहतर रहने के संकेत हैं, जबकि सोयाबीन में इल्ली रोग का प्रकोप देखने को मिल सकता है। लहसुन के भाव मजबूत रहने की संभावना है, वहीं प्याज के दामों में सामान्य उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

स्वास्थ्य और प्राकृतिक घटनाओं को लेकर चेतावनी
भविष्यवाणी में सितंबर-अक्टूबर के दौरान बीमारियों के बढ़ने की आशंका जताई गई है। साथ ही हवन-पूजन के माध्यम से राहत मिलने का विश्वास भी व्यक्त किया गया। पशुधन में गाय-भैंस में बीमारियों के संकेत भी सामने आए हैं।
इसके अलावा वर्ष के दौरान भूकंप, तेज आंधी-तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं की संभावना जताई गई है, जिससे जन-धन हानि होने की आशंका व्यक्त की गई।

राजनीति और समाज पर संदेश
राजनीतिक क्षेत्र में उठापटक और हलचल का दौर बना रहने की बात कही गई। समाज में जातिवाद समाप्त होने की दिशा में बदलाव के संकेत देते हुए लोगों से अपने घर से सुधार की शुरुआत करने का संदेश दिया गया।
वैश्विक स्तर पर संघर्ष जारी रहने की बात कहते हुए इसे “महाभारत की तरह कभी समाप्त न होने वाला दौर” बताया गया।

व्यापार और बाजार की स्थिति
व्यापारियों के लिए यह वर्ष अनुकूल रहने की संभावना जताई गई है। सोना-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर बाजार सक्रिय और गतिशील रहने के संकेत हैं।

हर वर्ष की तरह इस बार भी गोठड़ा माताजी मंदिर में आयोजित इस भविष्यवाणी को सुनने हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मालवा क्षेत्र के किसान अब इन संकेतों के आधार पर अपने कृषि निर्णयों की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *