

रतलाम। शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, रतलाम में एम.ए. उत्तरार्ध राजनीति विज्ञान की छात्राओं का विदाई समारोह भव्य आयोजन के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्राध्यापक (राजनीति विज्ञान) डॉ.अनिल जैन और पूर्व छात्रा डॉ.खुशबू जांगलवा उपस्थित थे ।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात जूनियर छात्राओं द्वारा सीनियर छात्राओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नृत्य, गीत एवं नाटक विशेष आकर्षण रहे।कार्यक्रम में प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में बिताए गए पल सदैव उनकी स्मृतियों में जीवित रहेंगे और यही अनुभव उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सहायक होंगे।
विदाई समारोह के दौरान सीनियर छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं सहपाठियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान कई भावुक क्षण भी देखने को मिले, जब छात्राएं अपने साथ बिताए पलों को याद कर भावुक हो उठीं।
कार्यक्रम में “पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा” गीत पर प्रस्तुत नृत्य को विशेष सराहना मिली। चन्दा नानेरा, मालती सिलावट एवं भाग्यश्री प्रजापत ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। ज्योति मालवीय ने रोचक शैली में अपने महाविद्यालयीन जीवन के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन हैप्पी सिसौदिया एवं सालेहा कुरैशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भाग्यश्री प्रजापत द्वारा किया गया। तत्पश्चात छात्राओं ने प्राध्यापकों को विभिन्न टाइटल प्रदान किए।
कार्यक्रम का समापन समूह छायाचित्र एवं मिठाई वितरण के साथ हुआ। यह विदाई समारोह छात्राओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया, जिसे वे जीवनभर संजोकर रखेंगी।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. अमृतलाल परमार, डॉ. सुनीता जैन सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।