


रतलाम। इंदौर रेलवे स्टेशन पर माननीय सांसद इंदौर शंकर लालवानी द्वारा स्टेशन अपग्रैडेशन प्रोजेक्ट के अंतर्गत पार्सल बिल्डिंग एवं बेसमेंट निर्माण हेतु फाउंडेशन कॉन्क्रीट कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार लगभग ₹412 करोड़ की लागत से संचालित इंदौर स्टेशन अपग्रैडेशन प्रोजेक्ट के एक महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत इस अवसर पर हुई। इस परियोजना के अंतर्गत इंदौर स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बेसमेंट निर्माण हेतु प्लेटफॉर्म स्तर से लगभग 7 मीटर की गहराई तक खुदाई की गई है। माननीय सांसद ने स्वयं कार्य स्थल पर 7 मीटर गहराई तक जाकर पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा कार्य प्रगति का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को कार्य को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के आवश्यक निर्देश दिए।
माननीय सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर स्टेशन का अपग्रैडेशन एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जो शहर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। इस परियोजना को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां प्रतिबद्ध हैं।